राजस्व मंत्री ने 70 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण।
चेक डेम व शेड निर्माण सहित 57 लाख के विकास कार्यों की घोषणा।
6.50 लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन।
मंत्री टंकराम वर्मा ने सरकार के कामकाजों की दी जानकारी।
Chhattisgarh Minister Tankram Verma: छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम पौंसरी, मगरवाय, बुड़गहन और पूरेना में करीब 70 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर लगभग 57 लाख रुपये के अतिरिक्त निर्माण कार्यों की घोषणा भी की गई। इन कार्यों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, रंगमंच, शेड, अतिरिक्त कक्ष और चेक डेम निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
मंत्री वर्मा ने ग्राम पौंसरी में 6.50 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन और 5 लाख रुपये के रंगमंच का लोकार्पण किया। मगरवाय में 10 लाख रुपये की सीसी रोड, जबकि बुड़गहन में 20 लाख रुपये के बाढ़ आपदा भवन और 5 लाख रुपये के रंगमंच का लोकार्पण किया गया। ग्राम पूरेना में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का भी लोकार्पण हुआ।
इसके अलावा मगरवाय के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में 10 लाख रुपये के दो अतिरिक्त कक्ष, 5 लाख रुपये के किचन शेड और 3.50 लाख रुपये के रंगमंच निर्माण का भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें ग्राम पौंसरी में 10 लाख रुपये का शेड और 5 लाख रुपये की बाउंड्रीवॉल, मगरवाय में 10 लाख रुपये का शेड, बुड़गहन में 20 लाख रुपये का चेक डेम तथा पूरेना में 7 लाख रुपये का अतिरिक्त कक्ष और 5 लाख रुपये का रंगमंच निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार का संकेत है। उन्होंने महतारी वंदन योजना और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी की भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जनपद सदस्य राजेश ध्रुव, रविशंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।