UP BEd Rank List : उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा का रिजल्ट लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में जारी किया गया। इस वर्ष अलीगढ़ की वंदना सिंह ने विज्ञान वर्ग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर परीक्षा में टॉप किया है।
वहीं अलीगढ़ के नितिन पचौरी दूसरे और जौनपुर की मिश्रा खुशी अजय तीसरे स्थान पर रहीं। परिणाम जारी होने के बाद उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉप अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस वर्ष बीएड प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को प्रदेश के 72 जिलों में बनाए गए 1011 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 4,44,958 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 2.72 लाख से अधिक महिला और 1.72 लाख से अधिक पुरुष उम्मीदवार शामिल थे।
परीक्षा में लगभग 90 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। पहली पाली में 4,00,499 और दूसरी पाली में 4,00,756 अभ्यर्थी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के कासगंज और पीलीभीत में सबसे अधिक 95 प्रतिशत उपस्थिति रही, जबकि गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम 84 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
ये खबर भी पढ़ें : UPSC प्रीलिम्स रिजल्ट 2026 जारी, 13,343 अभ्यर्थी हुए मेंस परीक्षा के लिए चयनित; ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया। प्रदेशभर में 22 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों और 5651 बायोमेट्रिक मशीनों की मदद से निगरानी की गई। फेस रिकॉग्निशन और फिंगरप्रिंट सिस्टम के जरिए अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित की गई। ओएमआर शीट की डबल स्कैनिंग और इमेज वेरिफिकेशन के बाद कुल 4,00,107 अभ्यर्थियों को रैंक जारी की गई।
इनमें 2.46 लाख से अधिक महिला और 1.53 लाख से अधिक पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले चार उम्मीदवारों का परिणाम निरस्त कर दिया गया। विश्वविद्यालय ने इस बार तकनीक आधारित परीक्षा संचालन के जरिए पारदर्शिता का नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया है।