LBSNAA Law Internship: देश के प्रशासनिक अधिकारियों को तराशने वाली लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA), मसूरी ने अब लॉ छात्रों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। अकादमी के अंतर्गत आने वाले 'नेशनल सेंटर फॉर लॉ एंड एडमिनिस्ट्रेशन' (NCLA) ने कानून के विद्यार्थियों के लिए 4 हफ्तों की विशेष ऑफलाइन इंटर्नशिप योजना की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के जरिए 3-वर्षीय या 5-वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे मेधावी छात्र प्रशासनिक माहौल में कानून के व्यावहारिक प्रयोग (Law in Action) को करीब से समझ सकेंगे।
हालांकि यह एक अवैतनिक इंटर्नशिप है, लेकिन चयनित इंटर्न्स को LBSNAA कैंपस में मुफ्त आवास, भोजन और देश के शीर्ष नीति निर्माताओं व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ काम करने का अमूल्य अवसर प्रदान किया जाता है। चयन का आधार छात्रों के उत्कृष्ट एकेडमिक रिकॉर्ड, मूट कोर्ट अचीवमेंट्स और रिसर्च पेपर्स पर निर्भर करेगा। इच्छुक और योग्य छात्र आधिकारिक पोर्टल या ईमेल के माध्यम से रोलिंग बेसिस पर इस प्रतिष्ठित इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।
LBSNAA के तहत संचालित NCLA की 4 सप्ताह की ऑफलाइन इंटर्नशिप के लिए केवल वे छात्र आवेदन कर सकते हैं, जो किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या लॉ कॉलेज से 3 वर्षीय एलएलबी या 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी कोर्स के अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे हों। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित शैक्षणिक मानदंड पूरे करने होंगे।
चयन प्रक्रिया में उन छात्रों को प्राथमिकता दी जाती है, जिनका शैक्षणिक रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा हो। इसके अलावा नेशनल लेवल मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन या जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों को भी अतिरिक्त महत्व दिया जाता है।
यदि उम्मीदवार का कोई शोध पत्र (Research Paper) प्रकाशित हो चुका है, तो चयन की संभावना और मजबूत हो सकती है। अकादमिक उपलब्धियां और शोध कार्य उम्मीदवार की प्रोफाइल को अधिक प्रभावशाली बनाते हैं।
इंटर्नशिप के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है। उम्मीदवारों को LBSNAA या NCLA के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके अलावा ncla.lbsnaa@nic.in पर ईमेल के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है।
यह इंटर्नशिप सालभर अलग-अलग बैचों में रोलिंग बेसिस पर आयोजित होती है। चयन मेरिट, मूट कोर्ट उपलब्धियों, कॉलेज आईडी और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाता है। शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से सूचना भेजी जाती है।
LBSNAA की यह इंटर्नशिप अवैतनिक (Unpaid) है। यानी चयनित इंटर्न्स को किसी प्रकार का नकद स्टाइपेंड या सैलरी नहीं दी जाती।
यह पूरी तरह एक शैक्षणिक इंटर्नशिप है, जिसका उद्देश्य कानून और सार्वजनिक नीति से जुड़े छात्रों को व्यावहारिक अनुभव देना है।
हालांकि इंटर्नशिप में स्टाइपेंड नहीं मिलता, लेकिन LBSNAA कैंपस में चयनित इंटर्न्स को मुफ्त आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
इसके साथ ही उन्हें देश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के साथ, नीति निर्माताओं और कानूनी विशेषज्ञों के साथ काम करने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
मसूरी स्थित इस प्रतिष्ठित अकादमी में इंटर्न्स को केवल कक्षा आधारित पढ़ाई नहीं, बल्कि ‘लॉ इन एक्शन’ यानी कानून के व्यावहारिक पक्ष को समझने का मौका मिलता है।
फैकल्टी के मार्गदर्शन में उन्हें लीगल रिसर्च, पॉलिसी एनालिसिस, एडमिनिस्ट्रेटिव लॉ स्टडीज और ड्राफ्टिंग से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करना होता है।
यह इंटर्नशिप उन लॉ छात्रों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जाती है, जो भविष्य में ज्यूडिशियरी, सिविल सर्विसेज, पब्लिक पॉलिसी, थिंक-टैंक या प्रशासनिक कानून के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। यहां मिलने वाला व्यावहारिक अनुभव और प्रोफेशनल एक्सपोजर इसकी सबसे बड़ी ताकत है।