DRDO Jobs : रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत डीआरडीओ (DRDO) की सॉलिड स्टेट फिजिक्स लेबोरेटरी (SSPL) ने जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) और रिसर्च एसोसिएट (RA) के पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 23 पदों पर चयन किया जाएगा, जिनमें 16 जूनियर रिसर्च फेलो और 7 रिसर्च एसोसिएट के पद शामिल हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। वे निर्धारित तिथि पर एसएसपीएल कॉम्प्लेक्स, तिमारपुर, नई दिल्ली में आयोजित वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं। चयन पूरी तरह साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।
JRF पद के लिए उम्मीदवार के पास भौतिकी या इलेक्ट्रॉनिक्स में प्रथम श्रेणी के साथ एमएससी और NET योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा इंजीनियरिंग फिजिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स में BE/BTech के साथ NET/GATE पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। ME/MTech डिग्रीधारक भी पात्र होंगे, यदि उन्होंने स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों स्तरों पर प्रथम श्रेणी प्राप्त की हो।
JRF के लिए अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। वहीं Research Associate (RA) पद के लिए भौतिकी या इलेक्ट्रॉनिक्स में PhD आवश्यक है। वैकल्पिक रूप से ME/MTech के साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम 3 वर्ष का शोध अनुभव और SCI जर्नल में एक शोध पत्र प्रकाशित होना जरूरी है।
ये खबर भी पढ़ें : CM मोहन यादव का बड़ा फैसला; आरक्षक के 7500 और एसआई-सूबेदार के सैकड़ों पदों पर मिली प्रशासकीय स्वीकृति
RA पद के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित है। चयनित JRF उम्मीदवारों को 37,000 रुपये प्रतिमाह और RA उम्मीदवारों को 67,000 रुपये प्रतिमाह फेलोशिप मिलेगी।
साक्षात्कार JRF (भौतिकी) – 1 सितंबर, RA (भौतिकी) – 2 सितंबर, JRF (इलेक्ट्रॉनिक्स) – 8 सितंबर और RA (इलेक्ट्रॉनिक्स) – 9 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकतालिकाएं, सत्यापित प्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो, अनुभव प्रमाणपत्र, शोध प्रकाशनों की प्रतियां (यदि उपलब्ध हों), जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) और सरकारी कर्मचारियों के लिए NOC साथ लेकर इंटरव्यू स्थल पर पहुंचना होगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।