CBSE Verification 2026 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 के उन छात्रों के लिए अंतिम रिमाइंडर जारी किया है जो अपने बोर्ड परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं और उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच करवाना चाहते हैं। बोर्ड के अनुसार पोस्ट रिजल्ट सेवाओं के तहत वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 जून 2026 है।
आवेदन विंडो आज रात 11:59 बजे तक खुली रहेगी, जिसके बाद किसी भी प्रकार का नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में जिन छात्रों को अपने अंकों या मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर कोई संदेह है, उन्हें जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
सीबीएसई ने परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों को अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियां देखने का अवसर दिया था। इसके बाद जिन विद्यार्थियों को कॉपी जांच में किसी प्रकार की त्रुटि, अंक जोड़ने में गलती या किसी प्रश्न के मूल्यांकन को लेकर आपत्ति थी, उन्हें वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने का विकल्प दिया गया।
वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत उत्तर पुस्तिका में दिखाई देने वाली संभावित गलतियों की जांच की जाती है, जबकि री-इवैल्यूएशन में छात्र उन प्रश्नों की दोबारा जांच का अनुरोध कर सकते हैं जिनमें उन्हें अंक कम मिलने की आशंका है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधित अंक ही अंतिम और मान्य माने जाएंगे।
ये खबर भी पढ़ें : UP Rojgar Mela 2026: 10वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए नौकरी का मौका, 6000 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती
बोर्ड ने छात्रों को अंतिम समय तक इंतजार न करने की सलाह दी है क्योंकि पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। आवेदन करने के लिए छात्रों को सीबीएसई की पोस्ट रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर जाकर रोल नंबर और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे।
इसके बाद संबंधित सेवा, विषय और प्रश्न का चयन कर ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज और भुगतान रसीद सुरक्षित रखने की सलाह भी दी गई है। सीबीएसई ने दोहराया है कि 7 जून रात 11:59 बजे के बाद आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी, इसलिए इच्छुक छात्र समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।