टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क (सोर्स- सोशल मीडिया)
बिज़नेस

एलन मस्क का बड़ा ऐलान, अमेरिका के हर बच्चे को मिलेगा SpaceX का शेयर; जानें क्या है प्लान

SpaceX Share Distribution: एलन मस्क ने अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स का शेयर देने की घोषणा की। जानें इस अनोखी पहल के पीछे की योजना और स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी की पूरी जानकारी।

मनोज आर्या

Elon Musk on SpaceX Share: अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने सोमवार को कहा कि वह अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स का एक शेयर देंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने इस कदम को अपने प्रकार की पहली पहल बताया।

एलन मस्क ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि अगले साल मैं अमेरिका के हर बच्चे को अपने स्पेसएक्स का एक शेयर दूंगा। यह अपने प्रकार पहली पहल होगी।

SpaceX में एलन मस्क की कितनी हिस्सेदारी?

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब मस्क निजी एयरोस्पेस और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स के सबसे बड़े शेयरधारक बने हुए हैं। हाल ही में नियामकीय दस्तावेज में दी गई जानकारी के अनुसार, 30 जून तक स्पेसएक्स में मस्क की 48.4 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

दस्तावेज के अनुसार, स्पेसएक्स में मस्क के पास लगभग 6.42 अरब शेयर हैं। उनकी हिस्सेदारी में 84.95 करोड़ क्लास ए शेयर और ट्रस्ट के माध्यम से रखे गए 3.92 अरब क्लास बी शेयर शामिल हैं, जिनमें वह ट्रस्टी के रूप में कार्य करते हैं।

शेयर वितरण को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं

इसके अलावा एलन मस्क के पास सीधे तौर पर लगभग 1.30 अरब प्रतिबंधित क्लास बी शेयर हैं। साथ ही, उनके पास स्टॉक ऑप्शन से जुड़े अधिकार भी हैं, जिनके तहत 35 करोड़ अन्य क्लास बी शेयर शामिल हैं। मस्क ने प्रस्तावित शेयर वितरण को लागू करने के तरीके के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

इसमें पात्रता के मानदंड, समयसीमा, नियामकीय मंजूरी और शेयर सीधे लाभार्थियों को हस्तांतरित किए जाएंगे या ट्रस्ट के माध्यम से दिए जाएंगे, जैसे पहलू शामिल हैं।

दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में एक

स्पेसएक्स दुनिया की सबसे मूल्यवान निजी कंपनियों में से एक है। इसका कारोबार वाणिज्यिक रॉकेट प्रक्षेपण सेवाओं, स्टारलिंक के जरिए सैटेलाइट इंटरनेट और मानव अंतरिक्ष उड़ान अभियानों तक फैला हुआ है।

इस बीच, पिछले सप्ताह मस्क ने अपनी रोडस्टर स्पोर्ट्स कार का नया वर्जन पेश किया। इसमें कार टेक्सास स्थित स्पेसएक्स के एक सेंटर में दौड़ने के दौरान कुछ समय के लिए जमीन से ऊपर उठ गई।

मस्क ने दिखाई स्पोर्ट्स कार की झलक

मस्क द्वारा एक्स पर साझा की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट में कार को दिखाया गया। इसमें कार एक ऊंचे, घुमावदार ट्रैक पर आगे बढ़ने के बाद थोड़ी दूरी तक हवा में उड़ा और फिर सुरक्षित रूप से जमीन पर उतर गया। इस प्रदर्शन की तुलना उड़ने वाली कार से की गई।

झारखंड से दिल्ली तक मानव तस्करी का जाल! 4 नाबालिग लड़कियां बरामद, जानिए देश में कितनी भयावह है इसकी तस्वीर

जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर पकड़ा गया संदिग्ध यात्री, बैग जांच के दौरान भागा तो CISF ने दौड़ाकर पकड़ा

आशुतोष रांका और सौरभ दास मामले में SEM कोर्ट ने बढ़ाई दो दिन की न्यायिक हिरासत

एक वेल्डिंग करता था, दूसरा सीख रहा था टाइल्स लगाना...टाइगर श्रॉफ केस में गिरफ्तार आरोपियों की क्राइम कुंडली

मणिपुर में फिर भड़की जातीय हिंसा की चिंगारी, CM के सरकारी बंगले के बाहर शव छोड़ने से तनाव; भीड़ पर आंसू गैस