Highlights
RBI ने किया विदेशी मुद्रा कारोबार का नियम सख्त
रुपये को स्थिर करने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम
विदेशी निवेश से डॉलर के मुकाबले रुपया हो सकता स्थिर
SBI ने पेश रिपोर्ट में बताया, कैसे संभाला जा सकता रुपया
Rupee Against The Dollar: लगातार गिरते रुपये के बीच एक सकारात्मक खबर सामने आ रही है। एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि भारतीय रुपया बहुत कम समय में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.50 के स्तर तक मजबूत हो सकता है। सोमवार को SBI ने एक रिसर्च रिपोर्ट पेश की है। इस जारी रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार इतना मजबूत है कि मुश्किल आर्थिक हालात में भी देश की जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकता है।
हालांकि, रुपये को लंबे समय तक मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार को देश में विदेशी निवेश बढ़ाने और निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। हालांकि केंद्र सरकार का प्रयास है कि देश में विदेशी निवेश बढ़े। इसके लिए सरकार विभिन्न देशों को भारत में निवेश के अनुकूल अवसर प्रदान कर रहा है।
जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत के भुगतान संतुलन का अधिशेष घटकर करीब 55 से 60 अरब डॉलर रह सकता है। भुगतान संतुलन का तात्पर्य है कि देश में विदेश से कितना पैसा आ रहा है और विदेशों में कितना पैसा जा रहा है, इसका हिसाब।
गिरते रुपये को सहारा देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने कई ठोस कदम उठाए हैं। इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों को दूसरे देशों से कच्चे तेल की खरीदारी के लिए डॉलर उपलब्ध कराने के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है।
इसके अलावा, RBI ने 25,000 करोड़ रुपये के सरकारी बॉन्ड बेचने की घोषणा की है। इन कदमों का उद्देश्य रुपये की उपलब्धता और मुद्रा बाजार की स्थिति को नियंत्रित करना है।
RBI ने विदेशी मुद्रा व्यापार में नियमों का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए भी कदम उठाए हैं। नए नियम के अनुसार अब ग्राहकों से बैंकों को लिखित में लेना होगा कि उन्होंने किसी नुकसान या खतरे से बचने के लिए एक बैंक के साथ-साथ दूसरे बैंक से भी कोई लेन-देन (डीलिंग) नहीं किया गया है। इसके अलावा अगर कोई विदेशी मुद्रा का सौदा एक बार कैंसल हो जाता है, तो उसे दोबारा शुरू या चालू करने की अनुमति नहीं होगी। RBI द्वारा उठाए गए इन कदमों का मकसद बाजार में गलत तरीके से होने वाले सौदों को रोकना और रुपये को स्थिर रखने में मदद करना है।...एजेंसी इनपुट के साथ।