पाटलिपुत्र स्टेशन पर भारी हंगामा, फोटो (सो. IANS वीडियो शॉट) 
बिहार

परीक्षा छूटने के डर से छात्रों का तांडव; पाटलिपुत्र स्टेशन पर ट्रेन में तोड़फोड़, पुलिस ने की हवाई फायरिंग

Protest Patliputra Station: बिहार मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर भारी हंगामा किया। पुलिस को हालात काबू करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

अमन उपाध्याय

Bihar Police Exam Protest Patliputra Station:  बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब हजारों की संख्या में छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। ये छात्र बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। ट्रेनों की भारी कमी और देरी से पहुंचने के कारण नाराज अभ्यर्थियों ने न केवल रेल परिचालन बाधित किया, बल्कि ट्रेन में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव भी किया।

परीक्षा छूटने के डर से भड़का गुस्सा

जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध विभाग की परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी, जिसके लिए हजारों की संख्या में अभ्यर्थी शनिवार रात से ही स्टेशन पहुंचने लगे थे। स्टेशन पर पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था न होने और मौजूदा गाड़ियों के लेट होने के कारण छात्रों के मन में परीक्षा छूटने का डर बैठ गया। इसी आक्रोश में हजारों अभ्यर्थी रेलवे ट्रैक पर कूद गए और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।

ट्रेन में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव

स्थिति तब और बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र-कटिहार एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पहुंची। आक्रोशित छात्रों ने इस स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की और जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल को तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पथराव की इस घटना में आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

प्रशासनिक मुस्तैदी से शांत हुआ बवाल

हंगामे की सूचना मिलते ही आईजी जितेंद्र राणा, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। छात्रों की जायज मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया, ताकि सभी अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंच सकें। फिलहाल स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Swatantra Bhardwaj Bail: स्वतंत्र भारद्वाज को मिली जमानत, कब आएगा जेल से बाहर?

दूसरे देशों के सर्टिफिकेट क्यों देखें? UCC पर उमर अब्दुल्ला का BJP पर हमला, बोले- संसद में साबित करें बहुमत

मजबूत लोकतंत्र के लिए आलोचना जरूरी, अदालती फैसलों पर CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान, कहा- जनता का भरोसा जीते

BRICS डिनर में नहीं पहुंचे कांग्रेस के 3 CM, बांसुरी स्वराज ने घेरा, बोली- पार्टी का नहीं, भारत का मंच था

दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा DUSU चुनाव का मामला, लिंगदोह कमेटी के नियमों में उल्लंघन का आरोप