Neeraj Kumar Sinha Bankipur By Election Nomination: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने नामांकन के अंतिम दिन शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का भव्य रोड शो निकाला। भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ रोड शो पटना समाहरणालय पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नीरज कुमार सिन्हा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
रोड शो में सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों समेत हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। नामांकन से पहले नीरज सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनके चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी घोषित किया गया। बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।
नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय से पटना समाहरणालय तक विशाल रोड शो निकाला गया। इसमें सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार समेत एनडीए के कई नेता शामिल हुए।
रोड शो का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से सजाया गया रथ रहा, जिस पर नीरज कुमार सिन्हा और एनडीए के वरिष्ठ नेता सवार थे। रथ को भाजपा के कमल चिन्ह, पार्टी के झंडों और फूलों से सजाया गया था। नेताओं ने पूरे मार्ग में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो भाजपा कार्यालय से शुरू होकर डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, यूथ हॉस्टल, बिस्कोमान, कारगिल चौक और गांधी मैदान होते हुए पटना समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पैदल तथा मोटरसाइकिलों के साथ रोड शो में शामिल हुए।
नामांकन से पहले नीरज कुमार सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा पार्क पहुंचकर स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत वह समर्थकों के साथ नामांकन यात्रा में शामिल हुए। पटना समाहरणालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और एनडीए के अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। समाहरणालय परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा के समर्थन में नारे लगाते रहे।
भाजपा ने पहले इस उप चुनाव के लिए अभिषेक कुमार को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बाद में उन्होंने पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। इसके बाद नीरज सिन्हा को मौका मिला है। बांकीपुर से टिकट मिलने के बाद नीरज कुमार सिन्हा ने लगातार बिहार के दिग्गज नेताओं से मुलाकात की है। वे रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले।
नितिन नवीन के बांकीपुर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने जाने के बाद विधायक पद छोड़ा था। फिलहाल, 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होगा। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई है। 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।