Adventure Bike India: एडवेंचर बाइक पसंद करने वालों के लिए बड़ी जानकारी सामने आई है। बता दें कि Royal Enfield अपनी अब तक की सबसे पावरफुल एडवेंचर मोटरसाइकिल Himalayan 750 को लॉन्च करने की तैयारी में है। इसको लेकर रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि यह बाइक EICMA 2026 में ग्लोबल डेब्यू करेगी जबकि भारत में इसकी एंट्री 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत तक हो सकती है। वहीं इसमें खास बात यह है कि इसके कई प्रोडक्शन-रेडी टेस्ट मॉडल पहले ही सड़क पर देखे जा चुके हैं जिससे साफ है कि कंपनी अब इसके फाइनल डेवलपमेंट फेज में पहुंच चुकी है।
Royal Enfield Himalayan 750 को मौजूदा Himalayan 450 से बिल्कुल अलग प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें नया 749cc पैरेलल ट्विन-सिलेंडर इंजन मिलने की उम्मीद है जो कंपनी के 648cc इंजन का बड़ा और ज्यादा ताकतवर वर्जन हो सकता है।
इसके साथ ही यह इंजन लगभग 50 से 55 bhp की पावर और 60 से 65 Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स, स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच, राइड-बाय-वायर थ्रॉटल और 270-डिग्री क्रैंकशाफ्ट जैसे आधुनिक फीचर्स भी इसमें मिलने की संभावना है। वहीं बाइक को खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और यह आराम से 120 से 140 किमी/घंटा की क्रूज़िंग स्पीड बनाए रख सकती है जबकि इसकी टॉप स्पीड 170 से 180 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
नई Himalayan 750 में एडजस्टेबल USD फ्रंट फोर्क, लिंक-टाइप मोनोशॉक, ड्यूल फ्रंट डिस्क ब्रेक, ड्यूल-चैनल ABS और ऑफ-रोड ABS मोड जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा 21-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील, करीब 20 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक और ट्यूबलेस टायर के साथ क्रॉस-स्पोक व्हील्स इसे एडवेंचर राइडिंग के लिए और बेहतर बनाएंगे। वहीं डिजाइन की बात करें तो बाइक में एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, बड़ा फ्यूल टैंक, LED हेडलैंप, इंजन गार्ड, बैश प्लेट, हैंडगार्ड, लगेज रैक और ऊंचा राइडिंग स्टांस मिलेगा जो इसे प्रीमियम एडवेंचर लुक देगा।
Royal Enfield इस बाइक में Google-आधारित अपडेटेड Tripper Navigation, TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, Bluetooth कनेक्टिविटी, राइड मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर्स भी दे सकती है। बता दें कि भारत में इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत करीब 4.50 लाख हो सकती है। वहीं लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Honda XL750 Transalp, Suzuki V-Strom 800DE, BMW F 900 GS, Triumph Tiger 900 और KTM 890 Adventure जैसी प्रीमियम एडवेंचर बाइक्स से होगा।