'Raah-Veer' scheme (Source. Design) 
ऑटोमोबाइल

अब हादसे में मदद करेंगे तो मिलेंगे ₹25,000, दिल्ली में शुरू होगी राह-वीर योजना, मिलेगा जान बचाने पर इनाम

Rah Veer Yojana: सड़क हादसा देखते ही अक्सर लोग डर के कारण पीछे हट जाते हैं कानूनी झंझट और पुलिस पूछताछ का भय सबसे बड़ी वजह बनता है। अब दिल्ली सरकार इस हिचक को खत्म करने जा रही है।

सिमरन सिंह

Road Accident Help Scheme: सड़क हादसा देखते ही अक्सर लोग डर के कारण पीछे हट जाते हैं कानूनी झंझट और पुलिस पूछताछ का भय सबसे बड़ी वजह बनता है। अब दिल्ली सरकार इस हिचक को खत्म करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि राजधानी में केंद्र की 'राह-वीर' योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत जो भी व्यक्ति किसी गंभीर रूप से घायल सड़क दुर्घटना पीड़ित को "गोल्डन ऑवर" के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाएगा, उसे ₹25,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। "गोल्डन ऑवर" वह पहला एक घंटा होता है, जब समय पर इलाज मिल जाए तो जिंदगी बचाई जा सकती है।

क्यों लाई गई यह योजना?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना पर बोलते हुए कहा, "बहुत से लोग कानूनी पचड़ों या पुलिस कार्रवाई के डर से मदद करने में हिचकिचाते हैं। यह स्कीम ऐसी आशंकाओं को दूर करेगी और नागरिकों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करेगी।" सरकार का उद्देश्य साफ है हादसे के बाद पीड़ित को तुरंत इलाज मिले और लोग डर की वजह से पीछे न हटें। यह पहल नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।

कौन ले सकता है इनाम?

  • राह-वीर योजना के तहत कोई भी व्यक्ति, जो किसी गंभीर घायल को गोल्डन ऑवर के अंदर मेडिकल सुविधा तक पहुंचाता है, पुरस्कार का हकदार होगा।
  • अगर एक ही घटना में कई लोगों की मदद की जाती है, तब भी उस केस में अधिकतम ₹25,000 का ही इनाम मिलेगा।
  • नकद पुरस्कार के साथ मदद करने वाले को सम्मान प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इतना ही नहीं, हर साल 10 लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर ₹1 लाख का विशेष पुरस्कार भी मिलेगा।

कानूनी सुरक्षा भी मिलेगी

यह योजना मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत बने 'Good Samaritan' नियमों के अनुरूप तैयार की गई है। इन नियमों के तहत सड़क हादसे में मदद करने वाले व्यक्ति को कानूनी और पुलिस परेशानियों से सुरक्षा मिलती है। सरकार ने आर्थिक प्रोत्साहन और कानूनी सुरक्षा को साथ जोड़कर लोगों का भरोसा बढ़ाने की कोशिश की है।

पारदर्शिता और भुगतान की प्रक्रिया

हर मामले की जांच जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति करेगी। इसमें जिला मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शामिल होंगे। जांच पूरी होने के बाद सत्यापित लाभार्थियों के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए इनाम राशि भेजी जाएगी।

क्या बदलेगी दिल्ली की तस्वीर?

दिल्ली की सड़कों पर रोज हजारों वाहन चलते हैं। ऐसे में दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे में त्वरित मदद से मौतों की संख्या कम की जा सकती है। राह-वीर योजना से उम्मीद है कि लोग अब मूकदर्शक बनने के बजाय आगे आएंगे। यह कदम राजधानी की आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत करने और अनगिनत जिंदगियां बचाने में अहम साबित हो सकता है।

सहारनपुर मस्जिद विवाद: जमीन किसकी है, मस्जिद कितनी पुरानी और बुलडोजर क्यों चला? समझें पूरी कहानी

सुभाष चंद्रा की बढ़ीं मुश्किलें, 1322 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में CBI ने दर्ज की FIR

भाग सकते हो, छिप नहीं सकते..., कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर के पाकिस्तानी कमांडर यासिर को किया ढेर

सहारनपुर मस्जिद पर UP में गरमाई सियासत, मायावती ने की बुलडोजर कार्रवाई रोकने की मांग

Teacher’s Day पर PM मोदी की शिक्षकों संग खास बातचीत, पब्लिक स्पीकिंग से लेकर बच्चों के टैलेंट तक पर हुई चर्चा