File Pic 
ऑटोमोबाइल

शुरू हुआ ऑटो एक्सपो 2023, सुजुकी मोटर ने कनसेप्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी से हटाया पर्दा

दामिनी सिंह

नई दिल्ली : भारत के लोकप्रिय मोटर शो ‘ऑटो एक्सपो' 2023 (Auto Expo 2023) की बुधवार से यहां पर शुरुआत हुई है। इस अवसर पर सुजुकी मोटर (Suzuki Motor) कॉरपोरेशन ने इलेक्ट्रिक कनसेप्ट एसयूवी ‘ईवीएक्स' को पहली बार दुनिया के सामने पेश किया। यह गाड़ी 2025 तक बाजार में आएगी। कंपनी की भारतीय इकाई मारुति सुजुकी इंडिया भी इस शो में हिस्सा ले रही है। इस शो का आयोजन तीन साल के बाद हो रहा है। दो साल में एक बार होने वाला यह शो वैसे तो 2022 में होने वाला था लेकिन कोविड-19 के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। 

इस बार के शो में महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्कोडा, फॉक्सवैगन और निसान जैसे प्रमुख वाहन विनिर्माता तथा मर्सिडीज बेंज, बीएमडब्ल्यू और ऑडी जैसी महंगी गाड़ियों की कंपनियां हिस्सा नहीं ले रही हैं। इस शो में पांच वैश्विक पेशकश होंगी और 75 उत्पादों से पर्दा हटेगा। आम जनता 13 से 18 जनवरी के बीच इस शो को देखने जा सकती है। सुजुकी की कनसेप्ट ईवीएक्स मध्यम आकार की इलेक्ट्रिक एसयूवी है जिसकी डिजाइन और विकास सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन, जापान ने किया है। इसमें 60 किलोवॉट की बैटरी है और यह एक बार चार्ज करने पर 550 किलोमीटर तक चल सकती है।

यहां एक्सपो में वाहन का अनावरण करते हुए सुजुकी मोटर के प्रतिनिधि निदेशक एवं अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने कहा, ‘हमारी योजना इसे 2025 तक बाजार में लाने की है। सुजुकी समूह में हमारे लिए ग्लोबल वॉर्मिंग के लिए समाधान ढूंढना प्राथमिकता है।' उन्होंने आगे कहा, ‘हमारे व्यवसाय से होने वाले ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करने के लिए हम वैश्विक स्तर पर कई कदम उठा रहे हैं। इसमें से एक अहम कदम है हमारे उत्पादों के जरिए उत्सर्जन को कम करना। हमने पिछले वर्ष मार्च में एक घोषणा की थी जिसके मुताबिक यहां भारत में बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों (बीईवी) और उनकी बैटरियों के उत्पादन में हम 100 अरब रुपये का निवेश करेंगे।  

मारुति सुजुकी वैगन आर फ्लैक्स फ्यूल प्रोटोटाइप, ब्रेजा एस-सीएनजी और ग्रैंड विटारा इंटेलिजेंट इलेक्ट्रिक हाइब्रिड जैसे पर्यावरण के अनुकूल कई उत्पादों की यहां पेशकश कर रही है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने कहा, ‘हाइब्रिड, सीएनजी, बायो-सीएनजी, एथेनॉल और इलेक्ट्रिक जैसी सभी प्रौद्योगिकियों पर गौर करने में हम विश्वास रखते हैं ताकि 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन और तेल आयात के खर्च को कम करने के भारत सरकार के लक्ष्यों का समर्थन कर सकें।' मारुति सुजुकी एक्सपो में 16 वाहनों का प्रदर्शन कर रही है जिनमें ग्रैंड विटारा, एक्सएल6, सियाज, अर्टिगा, ब्रेजा, वैगनआर फ्लैक्स फ्यूल, बलेनो और स्विफ्ट शामिल हैं। (एजेंसी) 

MLC Election Results Live: यूपी MLC चुनाव के परिणाम घोषित, बिहार में RJD ने BJP को हराया, काउंटिंग जारी

Cyclone Arnab Live Updates: चक्रवात अर्नब पर NDRF की नजर, जरूरत पड़ने पर चलाया जाएगा एयरलिफ्ट मिशन: NDRF DIG

BREAKING: नवभारत की खबर पर मुहर, BJP ने MP के बाहर का चुना उम्मीदवार, हरदीप सिंह पुरी होंगे राज्यसभा प्रत्याशी

RJD ने ढहाया BJP का किला, पटना MLC चुनाव में उलटफेर पर झूमे तेजस्वी यादव, EC की पारदर्शिता पर उठाए सवाल

बिहार MLC चुनाव परिणाम: पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद BJP हारी, RJD के संजीव कुमार जीते, स्नातक पर मतगणना जारी