नई दिल्ली/धनबाद. झारखंड से मिल रही एक दिल दहलानेवाली खबर के अनुसार, यहां धनबाद (Dhanbad) जिले के एक स्कूल की एक छात्रा को बिंदी लगाकर स्कूल जाने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। दरअसल, इस छात्रा की बस यही गलती थी कि, वह बिंदी लगाकर स्कूल पहुंची थी, जो उसकी टीचर को बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और टीचर ने एतराज जताते हुए छात्रा को कसकर थप्पड़ जड़ दिया।
वहीं शिक्षिका के इस व्यवहार से आहत और क्षुब्ध होकर10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। वहीं बाद में मृत छात्रा के शव के साथ आक्रोशित परिजन और ग्रामीण स्कूल के सामने धरना पर बैठ गए हैं और सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया है। परिजन स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग कर रहें हैं।
दरअसल धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के नामी स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं की 17 वर्षीय छात्रा ने फंदे से लटकर अपनी जान दे दी है। वहीं मृतिका तेतुलमारी थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी कॉलोनी के रहने वाली थी। उसने सोमवार की सुबह अपने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी। वहीं झारखंड के बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत धनबाद DSP निशा मुर्मू ने बताया कि, "माथे पर 'बिंदी' लगाकर स्कूल आने पर एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने के बाद कक्षा 10 की एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
हमें सूचना मिली कि एक छात्र की आत्महत्या से मौत हो गयी है। एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें उसने आरोप लगाया है कि उसके स्कूल में एक शिक्षक ने उसे प्रताड़ित किया था। FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।"