Explainer: रिंग ऑफ फायर या कुछ और...वेनेजुएला में क्यों आते हैं इतने खतरनाक भूकंप, क्या है इसके पीछे की साइंस?

Venezuela Earthquakes Reason: जब भी दुनिया के किसी खतरनाक और विनाशकारी भूकंप की बात होती है, तो अक्सर लोगों के दिमाग में प्रशांत महासागर का 'रिंग ऑफ फायर' का क्षेत्र दिमाग में घूमने लगता है।
why earthquakes happen in venezuela
वेनेजुएला में क्यों आते हैं खतरनाक भूकंप? ( AI जेनरेटेड इमेज)
Published on: 
Updated on: 

Venezuela Earthquakes Main Reasons: बुधवार की शाम वेनेजुएला में एक के बाद एक आए दो भूकंपों में अब तक कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई और करीब एक हजार से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक्सपर्ट्स का मानना ​​है कि रेस्क्यू ऑपरेनशन जारी रहने से मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। बुधवार शाम को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप देश में एक सदी से भी ज्यादा समय में आए सबसे तेज भूकंपों में से एक था। 1990 में वेनेज़ुएला की राजधानी काराकस में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था।

US जियोलॉजिकल सर्वे की ओर से कहा गया है कि पहला भूकंप कैरिबियन तट पर मोरोन के पश्चिम में काराकस से लगभग 170 किलोमीटर पश्चिम में आया। इसकी गहराई 22 किलोमीटर थी। दूसरा भूकंप, जो और भी ज्यादा खतरनाक था, वह 39 सेकंड बाद आया। जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी और इसका केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था।

भूकंप में 'रिंग ऑफ फायर' का क्या रोल?

जब भी दुनिया के किसी खतरनाक और विनाशकारी भूकंप की बात होती है, तो अक्सर लोगों के दिमाग में प्रशांत महासागर का 'रिंग ऑफ फायर' (Ring of Fire) का क्षेत्र दिमाग में घूमने लगता है। हालांकि, वेनेजुएला में आई भीषण भूकंपीय त्रासदी ने वैज्ञानिकों और भू-गर्भशास्त्रियों का ध्यान एक अलग क्षेत्र की ओर खींचा है। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला का 'रिंग ऑफ फायर' से सीधा संबंध न होने के बावजूद, यह देश दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि वेनेजुएला की धरती के नीचे ऐसा क्या है, जो इसे बार-बार खतरनाक भूकंपों का केंद्र बना देता है और इसके पीछे का असली विज्ञान क्या है।

क्या वेनेजुएला 'रिंग ऑफ फायर' में आता है?

सबसे पहले इस भ्रम को दूर करना जरूरी है। 'रिंग ऑफ फायर' प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला एक ऐसा विशाल क्षेत्र है, जहां दुनिया के 90% भूकंप आते हैं और अधिकांश सक्रिय ज्वालामुखी स्थित हैं। वेनेजुएला इस रिंग का हिस्सा नहीं है। वह भौगोलिक रूप से दक्षिण अमेरिका के उत्तरी छोर पर, कैरेबियन सागर के तट पर स्थित है। इसके बावजूद वेनेजुएला में भूकंप आने की वजह उतनी ही खतरनाक है, जितनी कि रिंग ऑफ फायर में होती है।

वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद की तस्वीर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद की तस्वीर, (सोर्स- सोशल मीडिया)

वेनेजुएला में आने वाले विनाशकारी भूकंपों के पीछे असली विज्ञान प्लेट टेक्टोनिक्स (Plate Tectonics) का है। हमारी पृथ्वी की ऊपरी सतह कई बड़ी और छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स में बंटी हुई है, जो बहुत धीमी गति से तैरती रहती हैं। वेनेजुएला बिल्कुल दो प्रमुख प्लेटों- कैरेबियन प्लेट और साउथ अमेरिकन प्लेट के मुहाने पर स्थित है।

क्यों भीषण तरीके से कांप उठती है धरती?

वेनेजुएला का उत्तरी हिस्सा उस फॉल्ट लाइन पर स्थित है, जहां कैरेबियन प्लेट और साउथ अमेरिकन प्लेट आपस में टकराती हैं। कैरेबियन प्लेट लगातार पूर्व की ओर बढ़ रही है, जबकि साउथ अमेरिकन प्लेट पश्चिम की ओर गतिमान है। जब ये दो विशालकाय प्लेट्स आपस में रगड़ खाती हैं या एक-दूसरे के नीचे दबती हैं, तो जमीन के अंदर भारी मात्रा में ऊर्जा जमा हो जाती है। जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो धरती भीषण तरीके से कांप उठती है।

देश को चीरने वाली तीन फॉल्ट लाइन्स

वैज्ञानिकों के मुताबिक, वेनेजुएला के नीचे से एक या दो नहीं, बल्कि तीन प्रमुख एक्टिव फॉल्ट सिस्टम से गुजरती हैं, जो इसे बेहद संवेदनशील बनाती हैं। इन तीनों फॉल्ट लाइनों की वजह से वेनेजुएला का एक बड़ा हिस्सा, विशेषकर जहां आबादी सबसे ज्यादा है (जैसे काराकास, कमैना और मेरिडा), हमेशा खतरे के मुहाने पर रहता है।

  • बोकोनो फॉल्ट: यह वेनेजुएला के एंडीज पर्वत क्षेत्र से होकर गुजरता है। पश्चिमी वेनेजुएला में आने वाले अधिकांश बड़े भूकंपों के लिए यही फॉल्ट जिम्मेदार है।
  • सैन सेबेस्टियन फॉल्ट: यह देश के मध्य-उत्तरी तटीय क्षेत्र के समानांतर चलता है, जो राजधानी काराकास के बेहद करीब है।
  • एल पिलार फॉल्ट: यह पूर्वी वेनेजुएला से होकर गुजरता है और इस क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल को बढ़ाता है।

वेनेजुएला में आए इतिहास के वो बड़े भूकंप

वेनेजुएला का भूकंपीय इतिहास बेहद डरावना रहा है। इतिहास में ऐसे कई मौके आए हैं जब यहां की धरती ने सबकुछ तबाह कर दिया। 1812 में आए काराकास भूकंप को वेनेजुएला के इतिहास का सबसे घातक भूकंप माना जाता है। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता लगभग 7.1 थी। इस आपदा में राजधानी काराकास पूरी तरह नष्ट हो गई थी और करीब 10,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।

वहीं, 1967 में 6.6 तीव्रता के एक अन्य भूकंप ने आधुनिक काराकास को हिलाकर रख दिया था, जिसमें कई बहुमंजिला इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गई थीं और 200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 1997 का कैरियाको भूकंप का कहर भी कुछ कम नहीं था। पूर्वी वेनेजुएला में आए इस भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी और इंफ्रास्ट्रक्चर को गंभीर नुकसान पहुंचाया था।

बदहाल इंफ्रास्ट्रक्चर ने बढ़ाई चुनौती

भूकंप विज्ञान के अनुसार, भूकंप लोगों की जान नहीं लेता, बल्कि असुरक्षित इमारतें लेती हैं। वेनेजुएला के मामले में यह बात पूरी तरह सटीक बैठती है। लंबे समय से चल रहे आर्थिक संकट के कारण देश में निर्माण कार्यों में भूकंप-रोधी तकनीकों का पालन नहीं हो पाया है। पुरानी इमारतें, घनी आबादी और पहाड़ी ढलानों पर बने कमजोर मकानों के कारण, जब भी यहां मध्यम तीव्रता का भूकंप भी आता है, तो जान-माल का नुकसान बहुत बड़ा हो जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com