अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर...9 हजार से अधिक उड़ाने रद्द, कई इलाकों में अलर्ट

America News: अमेरिका में बर्फीले तूफान से 18 राज्यों में इमरजेंसी घोषित। सड़कें और उड़ानें प्रभावित, तापमान बेहद कम, लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई, बचाव दल तैनात किए गए हैं।
US Winter Storm
अमेरिका में बर्फीले तूफान से 9 हजार से अधिक उड़ाने रद्द (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

US Winter Storm: अमेरिका में चल रहे बर्फीले तूफान के चलते हालात बेहद खराब हो गए हैं। लगातार हो रही बर्फबारी ने सड़कें पूरी तरह ढक दी हैं और लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात बाधित होने के साथ ही बीते दो दिनों में लगभग 9,000 फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।

तूफान की चेतावनी के बाद 18 राज्यों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कई इलाकों में भारी नुकसान होने की संभावना है। लोगों को बिजली कटने और प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित होने का खतरा है। 

मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी की चेतावनी दी

नेशनल वेदर सर्विस (NWS) के अनुसार न्यू मैक्सिको से न्यू इंग्लैंड तक करीब 14 करोड़ लोग शीतकालीन तूफान से प्रभावित हो सकते हैं। पूर्वी टेक्सास से उत्तरी कैरोलिना तक के क्षेत्रों में विशेष रूप से भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।

 शनिवार (24 जनवरी) को उत्तरी टेक्सास में रात भर बर्फबारी हुई। NWS ने कहा कि क्षेत्र में बेहद ठंडी हवाएं चल रही हैं और सोमवार तक यह स्थिति बनी रहेगी। अगले कुछ दिनों में रात का तापमान अधिकतर एक अंकों में रहेगा और हवा की ठंडक से तापमान शून्य से 24 डिग्री सेल्सियस नीचे जा सकता है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफान के साथ भारी बर्फबारी और बारिश होगी। दक्षिण से होते हुए यह तूफान उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ सकता है, जिससे वाशिंगटन, न्यूयॉर्क और बोस्टन में लगभग 30 सेंटीमीटर (एक फुट) तक बर्फ गिर सकती है। कई इलाकों में तापमान शून्य से 34 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

9 हजार के ज्यादा उड़ाने रद्द

अमेरिका के कई राज्यों के गवर्नर लोगों से घर में रहने की अपील कर चुके हैं। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने कहा कि राज्य का परिवहन विभाग सड़कें साफ करने में लगा हुआ है, इसलिए लोग घर पर ही रहें। फ्लाइटअवेयर के अनुसार शनिवार को 3,300 और रविवार को लगभग 6,000 उड़ानें रद्द हो गई हैं।

संभावित आपात स्थिति के लिए करीब 30 खोज और बचाव दल तैयार रखे गए हैं। एफईएमए ने 70 लाख से अधिक भोजन सामग्री, छह लाख कंबल और 300 जनरेटर तूफान प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन राज्य और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और पूरी तरह तैयार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com