Syria Sanctions: अमेरिका का बड़ा फैसला, आतंकवाद की सूची से हटा सीरिया, विदेशी निवेश और विकास का रास्ता साफ

Syria Sanctions Removed: अमेरिका ने 47 साल बाद सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों की सूची से हटाया। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस ऐतिहासिक फैसले की जानकारी देकर अब बड़ी राहत की घोषणा की है।
US Removes Syria From Terrorism List
आतंकवाद की सूची से हटा सीरिया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

US Removes Syria From Terrorism List: अमेरिका ने 47 वर्षों के बाद सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों की सूची से औपचारिक रूप से बाहर कर दिया है। यह बड़ा फैसला सीरिया में बशर अल-असद के शासन के पतन और नई सरकार के गठन के बाद दोनों देशों के बेहतर रिश्तों के बीच आया है।

अमेरिकी प्रशासन के अनुसार नई सीरियाई सरकार ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों से दूरी बनाने के लिए बेहद कड़े कदम उठाए हैं। इस फैसले को युद्ध से तबाह हुए सीरिया के आर्थिक पुनर्निर्माण और देश में विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अनुसार, कांग्रेस को दी गई 45 दिनों की पूर्व सूचना अवधि समाप्त होने के बाद इस निर्णय को मंजूरी मिली। इसके साथ ही अमेरिकी प्रशासन ने हयात तहरीर अल-शाम संगठन को भी विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी सूची से पूरी तरह बाहर कर दिया है।

सीरिया ने हाल ही में ISIS के खिलाफ बने वैश्विक गठबंधन में शामिल होकर हिजबुल्लाह और अन्य चरमपंथी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देशों के तहत लिए गए इस निर्णय से सीरियाई नागरिकों को स्थिरता और आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ने का अवसर मिलेगा।

सीरियाई इतिहास के काले अध्याय का अंत

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस कदम से सीरिया में अतिरिक्त निवेश को बढ़ावा मिलेगा और वहां राजनीतिक मजबूती आएगी। ट्रेजरी विभाग ने यह भी साफ किया कि प्रतिबंध हटाने का मतलब यह नहीं है कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को कमजोर कर रहा है।

सीरिया के विदेश मंत्री असाद अल-शैबानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फैसले का स्वागत कर इसे जनता के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने लिखा कि 1979 में थोपा गया यह दर्जा हटने के साथ ही सीरिया के इतिहास का एक पुराना और काला अध्याय हमेशा के लिए समाप्त हो गया है।

US Removes Syria From Terrorism List
अमेरिका की सख्त चेतावनी, ईरान से रिश्ते तोड़ो वरना भुगतने होंगे कड़े आर्थिक प्रतिबंध

आर्थिक सुधार और बुनियादी ढांचे का विकास

सीरियाई सरकार के अनुसार, नए राष्ट्रपति अहमद अल-शरा अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मजबूत रिश्ते बनाने और आर्थिक सुधारों के लिए प्रतिबद्ध हैं। एक दशक से अधिक चले गृहयुद्ध के कारण सीरिया का बुनियादी ढांचा पूरी तरह तबाह हो गया था और लाखो नागरिक इससे प्रभावित हुए थे।

सीरिया के वित्त मंत्री मोहम्मद बरनियेह ने कहा कि वैश्विक वित्तीय प्रणाली में वापसी से देश के व्यापार और विकास परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा। वहीं केंद्रीय बैंक के प्रमुख सफवत रस्लान ने कहा कि वे देश के लिए एक आधुनिक और सुरक्षित वित्तीय ढांचा विकसित करने पर काम कर रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com