खुद को अमर बनाना चाहते हैं ट्रंप...डॉलर पर सिग्नेचर के बाद उठाया एक और बड़ा कदम, पासपोर्ट पर भी होगी फोटो

US New Passport: अमेरिकी पासपोर्ट में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, 250वीं वर्षगांठ पर विशेष संस्करण जारी होगा, जिसमें Donald Trump की तस्वीर और हस्ताक्षर शामिल किए जाएंगे।
US to Issue Passports With Donald Trump Picture
अमेरिकी पासपोर्ट पर होगी ट्रंप की फोटो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

US to Issue Passports With Donald Trump Picture: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने फैसलों को लेकर चर्चा में हैं। अपनी अलग सोच और प्रतीकात्मक कदमों के लिए पहचाने जाने वाले ट्रंप ने अब एक ऐसा प्रस्ताव आगे बढ़ाया है, जो पहले कभी नहीं देखा गया। इस बार मामला अमेरिकी पासपोर्ट से जुड़ा है, जिसमें बड़ा बदलाव किया जा रहा है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने 28 अप्रैल को घोषणा की कि संयुक्त राज्य अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक विशेष सीमित संस्करण पासपोर्ट जारी किया जाएगा। यह पासपोर्ट कई मायनों में अलग होगा, लेकिन इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें पहली बार किसी मौजूदा (जीवित) राष्ट्रपति की तस्वीर शामिल की जाएगी। इस विशेष संस्करण में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर और उनके हस्ताक्षर दोनों शामिल होंगे।

तैयार किए जाएंगे 25 से 30 हजार पासपोर्ट

इस योजना पर पिछले कई महीनों से विचार किया जा रहा था और अंततः इसे मंजूरी मिल गई। अधिकारियों के अनुसार, लगभग 25,000 से 30,000 पासपोर्ट तैयार किए जाएंगे। ये पासपोर्ट वॉशिंगटन डीसी के पासपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध होंगे और इन्हें 4 जुलाई, यानी अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले जारी किया जाएगा। यह समय इसलिए चुना गया है ताकि देश की 250वीं वर्षगांठ के उत्सव को और खास बनाया जा सके।

कई मायनों में खास होगा नया पासपोर्ट

इस नए पासपोर्ट का डिजाइन भी सामान्य पासपोर्ट से अलग होगा। इसके कवर पर ऊपर की ओर सुनहरे अक्षरों में यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिकालिखा होगा और नीचे ‘पासपोर्ट’ अंकित होगा। अंदर के एक खास पेज पर ट्रंप की तस्वीर होगी, जिसके ऊपर उनके हस्ताक्षर सुनहरे रंग में छपे होंगे। इसके अलावा, पासपोर्ट के पिछले कवर पर एक छोटा सुनहरा अमेरिकी झंडा भी होगा, जिसमें “250” संख्या को सितारों से घेरा गया होगा, जो देश की 250वीं वर्षगांठ का प्रतीक होगा। सरकारी अधिकारियों का कहना है कि वॉशिंगटन डीसी के पासपोर्ट कार्यालय में आवेदन करने वाले लोगों को डिफॉल्ट रूप से यही विशेष पासपोर्ट दिया जाएगा। हालांकि, जिन लोगों को सामान्य पासपोर्ट चाहिए, वे ऑनलाइन या अन्य शहरों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने की कोशिश

प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि यह पहल अमेरिका के ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डिजाइन में बदलाव के बावजूद पासपोर्ट की सुरक्षा विशेषताएं पहले की तरह मजबूत रहेंगी और यह दुनिया के सबसे सुरक्षित दस्तावेजों में शामिल रहेगा।

वर्तमान में कैसा दिखता है अमेरिकी पासपोर्ट

वर्तमान में अमेरिकी पासपोर्ट में केवल ऐतिहासिक राष्ट्रपतियों की झलक दिखाई देती है, जैसे जॉर्ज वॉशिंगटन, थॉमस जेफरसन, थियोडोर रूजवेल्ट और अब्राहम लिंकन, जिन्हें माउंट रशमोर की छवि के माध्यम से दिखाया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com