

अमेरिकी चुनाव में भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं को लुभाने में जुटे उम्मीदवार
जेम्स टालारिको ने भारतीय रेस्तरां में डोसा बनाकर लोगों का दिल जीता
चुनाव प्रचार के लिए मंदिरों और दिवाली समारोहों में पहुंचे अमेरिकी नेता
US Midterm Elections 2026: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार अपने चरम पर है। 3 नवंबर मंगलवार को मतदाता मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान करेंगे। इसी बीच अमेरिका के कई शहरों में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे कई उम्मीदवारों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए एक आखिरी कोशिश की। इसमें सबसे अधिक लड़ाई भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं को रिझाने को लेकर देखने को मिली।
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने टेक्सास के इरविंग स्थित एक भारतीय रेस्तरां में खुद डोसा बनाया और लोगों को परोसा। उनके इस अंदाज का वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। टालारिको राज्य की सीनेट सीट के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन को चुनौती दे रहे हैं। व्यवसायी जेम्स ब्लंट ने उनके इस प्रयास की प्रशंसा की।
ब्लंट के मुताबिक, एक तरफ कुछ रिपब्लिकन समर्थक भारतीयों और उनके खानपान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ टालारिको डोसा बनाकर लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां एक पार्टी लोगों के बीच विभाजन को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी भारतीय चावल से बने क्रेप यानी डोसे परोस रही है, जो बेहद स्वादिष्ट है।
भारतीय-अमेरिकी आबादी वाले राज्यों में मंदिर भी चुनाव प्रचार और समुदाय से जुड़ने के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। उम्मीदवार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में हिस्सा लेकर भारतीय समुदाय के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं और लोगों से मतदान की अपील कर रहे हैं।
कनेक्टिकट के गवर्नर नेड लैमॉन्ट ने एक और कार्यकाल के लिए उप विदेश मंत्री जेनिफर बाराहोना के साथ स्टेट कैपिटल में आयोजित दिवाली समारोह में भाग लिया। वहीं, ओहायो के सांसद ग्रेग लैंड्समैन बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर के 11वें पाटोत्सव में शामिल हुए। न्यू जर्सी के सीनेटर कोरी बुकर ने भी अक्षरधाम मंदिर में आयोजित दिवाली समारोह में शिरकत की।
भारतीय समुदाय के साथ संवाद बढ़ाने के लिए कांग्रेस सदस्य रैंडी फाइन और स्कॉट पेरी भी हैरिसबर्ग के एक मंदिर पहुंचे। इसी तरह, मिशिगन के सांसद जॉन जेम्स ने एक स्वामीनारायण मंदिर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर की परंपराओं और हिंदू-अमेरिकी समुदाय की सेवा भावना के बारे में जानकारी हासिल की।
अमेरिका में भारतीय समुदाय की बड़ी आबादी कैलिफोर्निया, टेक्सास, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन, इलिनॉय, पेंसिल्वेनिया और जॉर्जिया जैसे राज्यों में रहती है। ऐसे में मध्यावधि चुनाव के दौरान इस समुदाय तक पहुंच बनाना उम्मीदवारों की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनता जा रहा है।