आतंकियों को मेरी क्रिसमस...अमेरिका ने ISIS के ठिकानों पर बरसाए बम, नाइजीरिया में एयर स्ट्राइक

United States Airstrikes In Nigeria: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके आदेश पर अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में आईएसआईएस आतंकियों को निशाना बनाया है।
Us Airstrike nigeria
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
Updated on

Airstrikes in Nigeria: अमेरिका ने नाइजीरिया में आईएसआईएस (ISIS) आतंकियों के खिलाफ कई घातक हवाई हमले किए हैं। इस जानकारी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साझा किया। ट्रंप का आरोप है कि ये आतंकी समूह क्षेत्र में ईसाइयों को निशाना बनाकर उनकी हत्या कर रहे थे। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि ये हवाई हमले उनके आदेश पर किए गए। उन्होंने लिखा कि उत्तर पश्चिमी नाइजीरिया में सक्रिय आईएसआईएस आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।

ईसाइयों को निशाना बना रहे थे

राष्ट्रपति ट्रंप ने आरोप लगाया कि ये आतंकी निर्दोष ईसाइयों को निशाना बनाकर बेरहमी से हत्या कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस स्तर की हिंसा को कई वर्षों तक नहीं देखा गया। ट्रंप के अनुसार, उन्होंने पहले ही इन आतंकियों को चेतावनी दी थी कि यदि ईसाइयों की हत्या नहीं रुकी तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने अपने संदेश में लिखा, "मैंने पहले ही इन आतंकियों को चेतावनी दी थी कि यदि उन्होंने ईसाइयों का कत्लेआम नहीं रोका तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और आज रात वही हुआ।"

अमेरिकी सेना ने की एयर स्ट्राइक

राष्ट्रपति ट्रंप के मुताबिक, इस सैन्य अभियान में अमेरिका ने कई सटीक हवाई हमले किए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी रक्षा विभाग ने यह कार्रवाई अंजाम दी। ट्रंप ने लिखा, "डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने कई परफेक्ट स्ट्राइक किए, ऐसा केवल संयुक्त राज्य अमेरिका ही कर सकता है।"

आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख

ट्रंप ने कहा कि यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ उनके कड़े रुख को दर्शाती है। उन्होंने लिखा, "मेरे नेतृत्व में हमारा देश कट्टर इस्लामी आतंकवाद को पनपने नहीं देगा।" इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी सेना की प्रशंसा की और क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं, यह कहते हुए, "भगवान हमारी सेना को आशीर्वाद दें और सभी को मेरी क्रिसमस, यहां तक कि मरे हुए आतंकियों को भी मेरी क्रिसमस।"

गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से आतंकवादी हिंसा का सामना कर रहा है। देश के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आईएसआईएस से जुड़े गुटों और बोको हराम जैसे संगठनों की गतिविधियां लगातार जारी हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com