चीन में कुदरत का कहर...डॉल्फिन तूफान के चलते बेघर हुए 10 लाख से अधिक लोग, शंघाई में 1,300 उड़ानें रद्द

China Floods Typhoon Dolphin: चीन में तूफान डॉल्फिन के कारण भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि शंघाई में 1,300 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं।
Dolphin storm in China
चीन में डॉल्फिन तूफान से 10 लाख लोग बेघर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

China Floods: चीन के पूर्वी हिस्सों में शक्तिशाली तूफान ‘डॉल्फिन’ ने भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। चीनी मेट विभाग ने ब्लू टाइफून वॉर्निंग जारी कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम तक 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में लगातार तेज बारिश से कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो सकती है।

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि चीन के नेशनल मौसम विज्ञान सेंटर के अनुसार, टाइफून डॉल्फिन पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट से टकराने के बाद अंदर की ओर बढ़ रहा है और इसके 10 से इलाकों में भारी बारिश लाने की आशंका है। सेंटर ने सोमवार सुबह एक ब्लू टाइफून वॉर्निंग जारी की, जिसमें झेजियांग, जियांग्सू, हेनान और हेबेई जैसे इलाकों में बुधवार तक लगातार भारी बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

झेजियांग में 9 लाख लोग हुए बेघर

तूफान का सबसे ज्यादा असर झेजियांग प्रांत के तटीय शहर वेंझोउ पर पड़ा है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यहां 9 लाख से अधिक लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है, सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। लोगों के लिए 1,500 से ज्यादा आपातकालीन शेल्टर सेंटर खोले गए हैं। पड़ोसी फुजियान प्रांत में भी करीब 98,900 लोगों को जोखिम वाले इलाकों से हटाया गया।

चीन का सबसे बड़ा शहर शंघाई भी तूफान की चपेट में है। रविवार शाम तक शहर के संवेदनशील इलाकों से करीब 2,15,600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। यह संख्या पहले बताए गए 30,300 लोगों के मुकाबले कई गुना अधिक है।

बारिश ने तोड़ा 150 साल का रिकॉर्ड

बारिश ने शंघाई में पिछले डेढ़ सदी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। शहर के एक मौसम केंद्र ने 24 घंटे की अवधि में 150 साल से अधिक समय में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में 200 से 400 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया है।

शंघाई में 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द 

तूफान ‘डॉल्फिन’ सोमवार तड़के कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल गया, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। इसके उत्तर और अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ने के साथ चीन के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। शानदोंग, हेनान, हुबेई, अनहुई, जिआंगसू, झेजियांग और शंघाई में बुधवार तक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है। 

Dolphin storm in China
Monsoon Update: बारिश के साथ आंधी-तूफान का डबल अटैक! IMD ने इन राज्यों को किया अलर्ट, 60 KM तक चलेंगी हवाएं

अधिकारियों ने लोगों से भारी बारिश के दौरान घरों के अंदर रहने की अपील की है। तूफान का असर सामान्य जनजीवन पर भी पड़ा है। शंघाई के दोनों हवाई अड्डों से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। चीन पहुंचने से पहले ‘डॉल्फिन’ जापान के दक्षिणी ओकिनावा क्षेत्र से गुजरा, जहां छह लोग घायल हुए और 50 हजार से अधिक इमारतों की बिजली प्रभावित हुई।  

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com