

Donald Trump Approval Rating Drops: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में हाल के दिनों में गिरावट दर्ज की गई है। रॉयटर्स और इप्सोस के नए सर्वे के अनुसार ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग घटकर 34 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो उनके मौजूदा कार्यकाल का अब तक का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है।
इससे पहले 15 से 20 अप्रैल के बीच किए गए सर्वे में यह आंकड़ा 36 प्रतिशत था। यह ताजा सर्वे चार दिनों तक चला, और इसके अधिकतर जवाब उस घटना से पहले लिए गए थे जो 25 अप्रैल 2026 की रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी थी।
ट्रंप ने जनवरी 2025 में जब अपना पदभार संभाला था, तब उनकी लोकप्रियता लगभग 47 प्रतिशत थी। लेकिन उसके बाद से इसमें लगातार गिरावट देखने को मिली है। विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी आर्थिक और विदेश नीति से जुड़े फैसलों का सीधा असर उनकी छवि पर पड़ा है। खासकर 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ शुरू हुए सैन्य तनाव और इजरायल के साथ संयुक्त कार्रवाई के बाद स्थिति और बिगड़ गई। इस संघर्ष के चलते वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता आई और अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें 40 प्रतिशत से अधिक बढ़कर लगभग 4.18 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गईं। इसका सीधा असर आम नागरिकों की जेब पर पड़ा है।
महंगाई और दैनिक खर्च को लेकर भी लोगों की राय नकारात्मक दिखाई दे रही है। सर्वे में केवल 22 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे ट्रंप के आर्थिक प्रबंधन से संतुष्ट हैं, जबकि पहले यह आंकड़ा 25 प्रतिशत था। यह गिरावट दर्शाती है कि महंगाई को लेकर जनता में असंतोष बढ़ रहा है। यहां तक कि उनकी अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी चिंता देखी जा रही है। हालांकि अभी भी लगभग 78 प्रतिशत रिपब्लिकन उनका समर्थन कर रहे हैं, लेकिन उनमें से 41 प्रतिशत लोग महंगाई से निपटने के उनके तरीके से असंतुष्ट हैं।
सर्वे में यह भी पाया गया कि स्वतंत्र मतदाता (इंडिपेंडेंट वोटर्स) का रुझान अब डेमोक्रेट्स की ओर बढ़ रहा है। लगभग 34 प्रतिशत इंडिपेंडेंट वोटर्स ने डेमोक्रेटिक पार्टी को प्राथमिकता दी, जबकि केवल 20 प्रतिशत ने रिपब्लिकन का समर्थन किया। एक चौथाई से अधिक लोग अभी भी अनिश्चित हैं कि वे किस पार्टी को वोट देंगे।
ट्रंप ने 2024 का चुनाव मुख्य रूप से महंगाई कम करने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के वादे पर जीता था, लेकिन अब उनकी आर्थिक नीति की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 27 प्रतिशत पर पहुंच गई है। यह आंकड़ा उनके पहले कार्यकाल और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के समय की सबसे खराब रेटिंग से भी नीचे माना जा रहा है। सर्वे में यह भी सामने आया कि केवल 34 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक ईरान से जुड़े मौजूदा तनाव को उचित मानते हैं, जबकि बाकी लोग इससे असहमत हैं या चिंतित हैं।
यह ऑनलाइन सर्वे पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में किया गया, जिसमें 1,269 वयस्कों से राय ली गई, जिनमें 1,014 पंजीकृत मतदाता शामिल थे। इस सर्वे में लगभग 3 प्रतिशत तक त्रुटि की संभावना बताई गई है।
अमेरिका में नवंबर में मिडटर्म चुनाव होने हैं। ट्रंप के लिए राहत की बात यह चुनाव सीधे राष्ट्रपति को हटाने के लिए नहीं होते, बल्कि ये कांग्रेस यानी प्रतिनिधि सभा और सीनेट की सीटों के लिए होते हैं। अगर डोनाल्ड ट्रंप जैसे राष्ट्रपति की पार्टी इस चुनाव में हार जाती है, तो वह पद पर बने रहते हैं, लेकिन उनकी सरकार के लिए काम करना मुश्किल हो सकता है।
जैसे संसद में विपक्ष का दबदबा बढ़ने से कानून पास कराना और नीतियों को लागू करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इससे राजनीतिक दबाव भी बढ़ता है। हालांकि राष्ट्रपति का कार्यकाल पूरा करने के लिए वे सामान्य रूप से पद पर बने रहते हैं, जब तक कि महाभियोग जैसी प्रक्रिया न हो।