ट्रंप ने बताई युद्ध खत्म होने की तारीख! जंग को लेकर किया बड़ा दावा, बोले- दो-तीन हफ्तों में छोड़ देंगे ईरान

US-Iran War: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से अमेरिकी सेना वापस बुलाने का ऐलान करते हुए कहा कि 'रिजीम चेंज' का लक्ष्य पूरा हो चुका है। अब बिना किसी औपचारिक समझौते के युद्ध समाप्त किया जाएगा।
Donald Trump on Iran War
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Donald Trump on Iran War: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग की तीव्रता दिन पर दिन तेज होती जा रही है। दोनों पक्ष एक दूसरे के सैन्य ठिकानों के साथ आधारभूत संरचना साधनों पर लगातार हमले कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध को समाप्त करने को लेकर बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान से अपनी सेना वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। ट्रंप के अनुसार, युद्ध खत्म करने के लिए ईरान के साथ किसी औपचारिक समझौते की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अमेरिकी सेना अगले दो से तीन हफ्तों में ईरान छोड़ सकती है।

अमेरिका ने ईरान में किया रिजीम चेंज

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान में “रिजीम चेंज” का लक्ष्य हासिल हो चुका है, इसलिए अब अमेरिका इस संघर्ष को लंबा खींचना नहीं चाहता। हालांकि उन्होंने समझौते की शर्त को जरूरी नहीं बताया, लेकिन यह संकेत भी दिया कि युद्ध समाप्त होने से पहले कोई डील हो सकती है।

वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अब तक युद्ध समाप्त करने को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी है। हाल ही में उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए कोई तय डेडलाइन नहीं है।

परमाणु हमले की संभावना नहीं

पश्चिम एशिया में काम कर रही अमेरिकी कंपनियों को लेकर ईरान की कथित धमकियों पर ट्रंप ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी धमकियों का कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरानी नेतृत्व का बड़ा हिस्सा पहले ही खत्म हो चुका है और परमाणु हमले की संभावना नहीं है।

एक महीने से जारी है युद्ध

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर हमला किया था। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। उनके परिवार के कई सदस्य भी इस हमले में मारे गए। इसके अलावा, कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की भी जान गई।

खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया। हालांकि, उनके घायल होने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति और लोकेशन की पुष्टि नहीं हो पाई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com