यूक्रेन के कई शहरों में रूसी हवाई हमलों का तांडव, 90 मिनट में दागे 500 ड्रोन, नौ लोगों की मौत, कई घायल

Russian-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन पर 500 से अधिक ड्रोन से भीषण हमला किया, जिसमें 9 नागरिकों की मौत हो गई। रिहायशी इलाकों, किराने की दुकानों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
Russian Drone Attacks Ukraine
रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन हमला किया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Russian Drone Attacks Ukraine: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार साल से जारी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को रूसी सेना ने यूक्रेन के कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक इन हमलों में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन हमलों में रिहायशी इमारतों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। 

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि शनिवार तड़के रूस ने यूक्रेनी ठिकानों पर लगभग 500 ड्रोन दागे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि  रूस युद्ध के मोर्चे से ध्यान हटाकर अर्थव्यवस्था पर हमले कर रहा है। जिससे युद्धकालीन परिस्थितियों में लोगों की सहायता करने वाले हर ठिकाने को बर्बाद किया जा सके।

रूसी सेना ने आम लोगों को बनाया निशाना

यूक्रेन के प्रमुख फ्रंटलाइन शहर क्रामाटोर्स्क की नगर परिषद ने रूसी हमलों की आलोचना करते हुए बताया कि, रूस अब यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर हमले करने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी निशाना बना रहा है। शनिवार को  90 मिनट के अंदर हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

परिषद ने स्पष्ट किया कि शनिवार को हुए हमलों में कोई भी सैन्य ठिकाने नहीं थे,  बल्कि आम नागरिक जो अपनी निजी कारों में अपने सामान्य कामकाज के लिए निकले थे उन्हें निशाना बनाया गया। 

किराने की दुकान पर ड्रोन हमला

यूक्रेन के कई शहरों में रूस की ओर से किए गए हमलों में कई लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। झिटोमिर क्षेत्र के गवर्नर विटाली बुनेचको के अनुसार, ज्वियाहेल शहर में एक किराना स्टोर को निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हमले में दो पेट्रोल पंप और विदेशी निवेश वाली एक कंपनी भी प्रभावित हुई है।

जापोरिज्जिया और क्रिवी रिह में भी हमले

जापोरिज्जिया क्षेत्र के गवर्नर इवान फेडोरोव ने बताया कि क्षेत्र में हुए हमलों में दो लोगों की मौत हुई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। वहीं, राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में रातभर ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए। सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र के मुताबिक, इन हमलों में दो लोगों की जान चली गई।

वहीं, काला सागर के प्रमुख बंदरगाह शहर ओडेसा में भी हमले जारी रहे। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह कीपर ने बताया कि रात से शनिवार शाम तक हुए हमलों में करीब 40 लोग घायल हुए हैं।

Russian Drone Attacks Ukraine
Russian Kyiv Strikes: रूस ने सुबह के वक्त पेट्रोल पंपों को बनाया निशाना, 2 की मौत, 8 जख्मी

डोनेट्स्क में यूक्रेनी ड्रोन हमलों का दावा

इस बीच, रूस के नियंत्रण वाले पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में तीन लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। सीमा के पास ड्रोन देखे जाने के बाद मोल्दोवा ने करीब एक घंटे के लिए अपना हवाई क्षेत्र और सात सीमा चौकियां भी बंद कर दीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com