आत्मघाती हमले से दहला रूस...मॉस्को में पुलिस की पेट्रोल गाड़ी के पास आतंकी ने खुद को उड़ाया, 1 की मौत

Russia Suicide Attack: मॉस्को में सव्योलोव्स्की रेलवे स्टेशन के पास पुलिस पेट्रोल कार के नजदीक विस्फोट हुआ, जिसमें एक अधिकारी की मौत हुई और दो घायल हुए। जांच जारी है।
Blast in Russia Railway Station
रूस के रेलवे स्टेशन पर धमाका (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Blast in Russia Railway Station: रूस की राजधानी मॉस्को में मंगलवार आधी रात के कुछ देर बाद एक बड़ा धमाका हुआ, जिसमें एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के मुकाबिक, एक अज्ञात हमलावर ने सेंट्रल मॉस्को स्थित सव्योलोव्स्की रेलवे स्टेशन के पास ट्रैफिक पुलिस की पेट्रोल गाड़ी के निकट एक विस्फोटक उपकरण (एक्सप्लोसिव डिवाइस) में धमाका कर दिया।

रूस के गृह मंत्रालय की मॉस्को शाखा ने टेलीग्राम पर जारी बयान में बताया कि विस्फोट सुबह लगभग 12:05 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावर पुलिस गाड़ी के पास पहुंचा और डिवाइस को ट्रिगर कर दिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि एक अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य अधिकारियों को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विस्फोट में खुद भी मारा गया हमलावर

बाद में अधिकारियों ने यह भी कहा कि हमलावर स्वयं भी विस्फोट में मारा गया। हालांकि, उसकी पहचान, हमले के पीछे का मकसद और इस्तेमाल किए गए विस्फोटक के प्रकार के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

रूस की इन्वेस्टिगेटिव कमिटी, जो गंभीर अपराधों की जांच करती है, ने घटना की आपराधिक जांच शुरू कर दी है। समिति ने कानून प्रवर्तन अधिकारी की हत्या की कोशिश और विस्फोटक उपकरण को गैर-कानूनी तरीके से रखने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

यूक्रेन पर हमले की चौथी बरसी

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब रूस द्वारा 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने की चौथी वर्षगांठ है। उस फैसले की घोषणा राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने की थी, जिसके बाद यूरोप में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा संघर्ष छिड़ गया। इस युद्ध में दोनों पक्षों के हजारों नागरिकों और बड़ी संख्या में सैनिकों की जान जा चुकी है, जबकि लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।

अब तक इस हमले के पीछे किसका हाथ है, इस बारे में रूस सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस ने भी अपनी प्रारंभिक जांच में हमले के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, यदि इस हमले में यूक्रेन की संलिप्तता सामने आती है, तो दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com