पाकिस्तान में ऐसे लूटे जाते हैं विदेशी पर्यटक, डर के मारे नहीं करते हैं कंप्लेन, अब पुलिस दे रही अपनी सफाई

पोलैंड से आए पर्यटकों से लूट के मामले में पाक के अधिकारी सीसीटीवी फुटेज का उपयोग करके लुटेरों की पहचान करने का काम कर रहे हैं। सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने पुलिस को यह सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया कि सारे आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पाकिस्तान में पुलिस बनकर लूट लिए जाते हैं विदेशी पर्यटक, डर के मारे नहीं की कंप्लेन, अब पुलिस दे रही अपनी दलील
कांसेप्ट फोटो
Published on: 
Updated on: 

कराची : पाकिस्तान के जियो न्यूज ने मंगलवार को स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि पुलिस अधिकारियों के वेश में लुटेरों ने कराची में डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) क्षेत्र में चार विदेशी पर्यटकों को लूट लिया। पुलिस ने बताया कि रविवार को पोलैंड से आए पर्यटकों से मोबाइल फोन सिम कार्ड खरीदने के लिए क्लिफ्टन में डोलमेन मॉल जाते समय खयाबन-ए-मुजाहिद के पास 1,080 अमेरिकी डॉलर छीन लिए गए। हालांकि घटना के बाद पर्यटक पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराए बिना चले गए। मामला उजागर होने के बाद पुलिस एक्टिव हुयी।

पुलिस ने घटना पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्होंने पर्यटकों के बयान दर्ज किए हैं, लेकिन उन्होंने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। जियो न्यूज से मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारी वर्तमान में सीसीटीवी फुटेज का उपयोग करके लुटेरों की पहचान करने का काम कर रहे हैं।

मामले के उजागर होने के बाद सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कराची पुलिस के अतिरिक्त महानिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने डकैती की निंदा करते हुए कहा है कि देश में विदेशियों को लूटना देश की प्रतिष्ठा और गरिमा को नुकसान पहुँचाता है। मुख्यमंत्री ने AIGP को जिम्मेदार लोगों को पकड़ने और कार्रवाई करने के लिए कहा है।

सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने पुलिस को यह सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया कि सारे आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही साथ उन्होंने सड़कों और प्रमुख राजमार्गों की निगरानी में सुधार के लिए "सुरक्षित शहर परियोजना" की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

आपको बता दें कि इससे पहले भी कराची पुलिस ने सुरजानी टाउन में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिन पर पुलिस अधिकारी होने का दिखावा करते हुए लोगों को लूटने का आरोप था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के अनुसार, संदिग्धों को छह सदस्यीय गिरोह का हिस्सा माना जाता है जो देर रात डकैती करता था। गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान अरबाज और जुनैद के रूप में हुई है, उन्होंने कई घरों में घुसपैठ करने की बात स्वीकार की है। कथित तौर पर वे सुबह 4 बजे के आसपास घरों में घुसे, परिवार के सदस्यों को रोका और कीमती सामान चुरा लिया। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने संदिग्धों से एक पिस्तौल, मोबाइल फोन, आभूषण, एक चोरी की गई एलसीडी, एक डीवीआर, नकदी और अन्य सामान बरामद किया। एसएसपी ने यह भी बताया कि उनके खिलाफ सुरजानी टाउन पुलिस स्टेशन में कुल नौ मामले दर्ज किए गए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com