कश्मीर पर सर्जियो गोर के बयान से तिलमिलाया पाकिस्तान, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब

Pakistan Reaction on Sergio Gor: सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताए जाने पर पाकिस्तान ने अमेरिकी प्रभारी राजदूत नताली बेकर को तलब कर विरोध जताया।
Pakistan Reaction on Sergio Gor
सर्जियो गोर और पाकिस्तान के विदेश मंत्रीSocial Media
Updated on

Pakistan Reaction on Sergio Gor Statement: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर की ओर से जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताए जाने पर पाकिस्तान ने कड़ी आपत्ति जताई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस बयान के विरोध में इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रभारी राजदूत नताली बेकर को तलब किया और अपनी नाराजगी दर्ज कराई।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है और इसका अंतिम समाधान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों तथा कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप होना बाकी है।

अमेरिकी राजदूत के बयान पर पाकिस्तान ने जताया विरोध

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सर्जियो गोर का बयान जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका के कथित लंबे समय से चले आ रहे रुख के अनुरूप नहीं है।

पाकिस्तान ने अमेरिका से आग्रह किया कि उसके अधिकारियों की ओर से दिए जाने वाले सार्वजनिक बयान जम्मू-कश्मीर की कथित विवादित स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिए जाएं।

सर्जियो गोर ने क्या कहा था?

दरअसल, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। बैठक के बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की तारीफ करते हुए कहा था कि केंद्र सरकार और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए काफी काम किया है। गोर ने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए क्षेत्र की खूबसूरती की भी तारीफ की।

उन्होंने अमेरिकी नागरिकों के लिए जारी ट्रैवल एडवाइजरी पर भी बात की। गोर ने कहा कि अमेरिका यात्रा संबंधी चेतावनियों की समय-समय पर समीक्षा करता है और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था में हुए सुधार को देखते हुए इस एडवाइजरी की समीक्षा की जा सकती है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह इस दौरे के दौरान किसी बड़े फैसले या घोषणा का ऐलान नहीं कर रहे हैं।

Pakistan Reaction on Sergio Gor
Explainer: भारत में वोटर ID से डाले जाते हैं वोट, जानिए अमेरिका से जापान तक में कैसे होती है वोटर्स की पहचान?

ट्रैवल एडवाइजरी में बदलाव के संकेत

गोर ने कहा कि नई दिल्ली, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर सरकार ने इलाके को सुरक्षित बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ऐसे में अमेरिका इस बात पर विचार करेगा कि क्या जम्मू-कश्मीर को लेकर जारी यात्रा चेतावनी में बदलाव किया जा सकता है।

उनके बयान के बाद पाकिस्तान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के बीच अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी को इस्लामाबाद ने गंभीरता से लिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com