स्वेज की खाड़ी में बड़ा हादसा, तेल निकालने वाला जहाज पलटा, 4 की मौत- VIDEO

स्वेज की खाड़ी में एक तेल निकालने वाला जहाज पलट गया, जिसमें कम से कम चार चालक दल की मौत हुई और चार लापता हैं। हादसा रास घरेब के पास हुआ, राहत-बचाव अभियान जारी है। कारणों की जांच हो रही है।
स्वेज की खाड़ी में बड़ा हादसा, तेल निकालने वाला जहाज पलटा, 4 की मौत- VIDEO
स्वेज की खाड़ी में बड़ा हादसा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

काहिरा: स्वेज की खाड़ी में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। तेल निकालने वाला एक जहाज पलट गया है। हादसे में चालक दल के कम से कम चार सदस्यों की मौत हो गई है। इसके अलावा चार और लोगों के लापता होने की भी सूचना है। जहाज स्वेज की खाड़ी के अफ्रीकी हिस्से से सटे रास घरेब शहर के पास पलटा है।

जानकारी के मुताबिक तेल निकालने वाला जहाज मंगलवार शाम को लाल सागर के उत्तर पश्चिमी भाग में था। वह अचानक बुधवार को पलट गया। ऐसा क्यों हुआ, इसकी जांच की जा रही है, साथ ही जहाज में फंसे लोगों के सुरक्षित बचाने के लिए राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जहाज में 30 लोग सवार थे

हादसे के बाद लाल सागर प्रांत के गवर्नर अमर हनाफी ने बताया कि जिस वक्त जहाज पलटा, उसमें 30 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि बचाव दलों ने चार शव बरामद किए और 22 अन्य को बचाया, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। हनाफी ने कहा, मिस्र की नौसेना के जहाज खोज और बचाव अभियान में शामिल हो गए हैं। चालक दल के लापता चार सदस्यों की तलाश में रात भर तलाश अभियान चलाया गया।

हनाफी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज के पलटने का कारण क्या था और अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है। हालांकि, स्थानीय मीडिया ने बताया कि जहाज जब पलटा, तब उसे दूसरे क्षेत्र में खुदाई के लिए ले जाया जा रहा था।

मंत्रालय ने जारी किया बयान

मिस्र के पैट्रोलियम मंत्रालय हादसे को लेकर बयान जारी किया है। मंत्रालय ने बताया कि घटना गैबेल एल-जीत नामक क्षेत्र में हुई, जो स्वेज नहर के दक्षिण में लगभग 300 किलोमीटर (186 मील) की दूरी पर स्थित मिस्र का एक प्रमुख तेल उत्पादन स्थल है। नहर प्राधिकरण के प्रमुख एडमिरल ओसाम रबेई ने बताया कि जहाज पलटने से नहर से गुजरने वाले जहाजों पर कोई असर नहीं पड़ा। स्वेज नहर स्वेज की खाड़ी को भूमध्य सागर से जोड़ती है। रबेई ने एक बयान में कहा कि बुधवार को 33 जहाजों को वैश्विक जलमार्ग से गुजरना था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com