नेपाली मंत्रियों में डर का माहौल, हेलीकाप्टर से लटककर सपरिवार हुए फरार, सामने आया खौफनाक वीडियो

Nepal Gen Z Protest: नेपाल में भ्रष्टाचार और नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज हुआ, सोशल मीडिया बैन के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुए, पीएम ओली को इस्तीफा देना पड़ा, नेता देश छोड़ने की कोशिश में भागते दिखे।
नेपाली मंत्रियों में डर का माहौल, हेलीकाप्टर से लटककर सपरिवार हुए फरार, सामने आया खौफनाक वीडियो
हेलीकाप्टर की रस्सी पकड़कर भागते नेपाली मंत्री (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nepal Violence: नेपाल में सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन अब खत्म होता नजर आ रहा है। हालांकि, यहां नेताओं के लिए खतरा टला नहीं है। इसके चलते अधिकतर नेता और मंत्री देश छोड़कर भागने की फिराक में हैं। इसी बीच एक मंत्री का देश छोड़कर भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने पूरे परिवार के साथ सेना के एक हेलीकॉप्टर की रस्सी से लटककर भागने की कोशिश कर रहे हैं।

नेपाल में सरकार ने 4 सितंबर को 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगाया था। इसके विरोध में नेपाली छात्रों ने सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि सरकार बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान भटकाने और जनता की आवाज दबाने के लिए ऐसे फैसले ले रही है। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली समेत कई बड़े नेताओं के घर जला दिए, जिसके चलते ओली को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

मंत्रियों में डर का माहौल

नेपाल के मंत्रियों में डर का माहौल है, खासकर उन लोगों में जिनका नाम भ्रष्टाचार के किसी मामले में सामने आया है। मंगलवार को हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई बड़े मंत्रियों को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके अलावा कई प्रधानमंत्रियों के घरों को जलाकर राख कर दिया गया। इसमें संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग, उप-प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल, नेपाल राष्ट्र बैंक के गवर्नर बिस्वा पौडेल के आवासों पर पथराव किया गया। पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक का नाम भी इसमें शामिल है।

यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री झलनाथ खनाल की पत्नी को उनके ही घर में जिंदा जला दिया गया। इन घटनाओं के चलते नेपाल के राजनेता और मंत्री डरे हुए हैं और देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, मंत्रियों के लिए वर्तमान स्थिति में सड़क पर निकलना खतरे से खाली नहीं है। यही कारण है कि वे सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से एयरपोर्ट या सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

डरावना है नेपाल हिंसा का वीडियो

सोशल मीडिया पर नेपाल हिंसा से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। हालांकि, इसके बाद भी सेना ने हेलीकॉप्टर की मदद से कुछ मंत्रियों और उनके परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इसके अलावा एक वीडियो में अधिकारियों के साथ एक हेलीकॉप्टर काठमांडू के एक होटल के ऊपर उड़ता हुआ दिखाई दे रहा था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com