नेपाल में ओली के बाद नपे शेर बहादुर देउवा...बालेन शाह ने खोली पुरानी फाइलें, किसी भी वक्त हो सकते हैं अरेस्ट!

Nepal News: नेपाल में बालेन शाह सरकार ने पूर्व पीएम शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी आरजू राणा के खिलाफ भ्रष्टाचार की बड़ी जांच शुरू की है। इंटरपोल के जरिए उनकी वापसी की तैयारी तेज हो गई है।
Nepal Corruption Probe Against Sher Bahadur Deuba
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Nepal Corruption Probe Against Sher Bahadur Deuba: नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बालेन शाह सरकार की सख्त कार्रवाई अब पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी डॉ. आरजू राणा देउवा तक पहुंच गई है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर नेपाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गंभीर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इंटरपोल के माध्यम से देउवा दंपत्ति की वापसी के लिए भी बातचीत कर रही है।

नेपाल के संपत्ति शुद्धिकरण विभाग के अनुसार, पहले से जुटाई गई सूचनाओं और प्रमाणों को संकलित कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। गृह मंत्रालय और नेपाल पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पिछले डेढ़ साल के दौरान शेर बहादुर, आरजू और उनके बेटे जयवीर देउवा के नाम पर खरीदी गई लगभग 73 बीघा जमीन का विवरण जुटाया गया है।

जांच के दायरे में पूरा परिवार

जांच केवल देउवा दंपत्ति तक सीमित नहीं है। उनके बेटे जयवीर और आरजू राणा के भाई प्रदीप और भूषण राणा भी जांच के दायरे में हैं। विभाग ने इनके खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और हाल के वर्षों में खरीदी गई करोड़ों की संपत्ति का ब्योरा संकलित किया है। कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए सभी डिजिटल और दस्तावेजी प्रमाणों को सुरक्षित किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बूढ़ानीलकंठ स्थित देउवा निवास को तोड़ने का काम रोक दिया गया है। जेनजी आंदोलन के दौरान इस घर में आगजनी हुई थी, जिसमें करोड़ों रुपये और लाखों अमेरिकी डॉलर जलने के सबूत मिले थे। अधिकारियों का डर है कि घर तोड़ने से वित्तीय अपराधों से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत नष्ट हो सकते हैं।

नकली भूटानी शरणार्थी मामले में फिर से जांच

साथ ही, केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (CIB) ने नकली भूटानी शरणार्थी मामले में आरजू राणा की भूमिका की जांच दोबारा शुरू कर दी है। इस घोटाले में नेपाली और चीनी नागरिकों को फर्जी डॉक्यूमेंट के आधार पर अमेरिका भेजने के लिए प्रति व्यक्ति करोड़ों रुपये वसूले गए थे। इसी मामले में पूर्व गृहमंत्री बालकृष्ण खांड की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।

नेपाल वापस लाने की तैयारी तेज

शेर बहादुर देउवा और उनका परिवार वर्तमान में सिंगापुर में हैं। नेपाल पुलिस ने इंटरपोल को औपचारिक पत्र लिखकर उनकी वापसी की अपील की है। गृह मंत्रालय के अनुसार, भ्रष्टाचार मामलों में जवाबदेही तय करने के लिए देउवा दंपत्ति की उपस्थिति अनिवार्य है।

Navbharat Live
navbharatlive.com