यूनुस ने फिर की गुस्ताखी...मुल्ला मुनीर की शह पर भारत के इलाकों पर बताया अपना, PAK जनरल से की मीटिंग

Indian States Map of Bangladesh: पाकिस्तान के जनरल साहिर शमशाद मिर्जा और बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस ने ढाका में मुलाकात कर आर्थिक, व्यापारिक और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
यूनुस ने फिर की गुस्ताखी...मुल्ला मुनीर की शह पर भारत के इलाकों पर बताया अपना, PAK जनरल से की मीटिंग
जनरल साहिर शमशाद मिर्जा, मोहम्मद यूनुस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan Bangladesh Relations: पाकिस्तान के शीर्ष जनरल साहिर शमशाद मिर्जा ने ढाका में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सहयोग को बढ़ाने और आपसी मदद के महत्व पर जोर दिया। मोहम्मद यूनुस ने जनरल मिर्जा को एक विशेष तस्वीर भेंट की, जिसमें बांग्लादेश के नक्शे में भारत के असम और उत्तर-पूर्वी राज्यों को भी शामिल किया गया था।

यह मुलाकात ढाका के स्टेट गेस्ट हाउस ‘जमुना’ में हुई, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और रक्षा सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश के अवसरों और रक्षा सहयोग को विस्तार देने के उपायों पर विचार विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने यह स्वीकार किया कि अब समय आ चुका है जब पाकिस्तान और बांग्लादेश को अपनी आर्थिक साझेदारी को एक नए स्तर पर पहुंचाने की आवश्यकता है।

शुरू होगी ढाका-कराची के बीच हवाई सेवा

चीफ एडवाइजर ऑफिस के बयान के अनुसार, जनरल मिर्जा ने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं, और दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कराची और चटगांव के बीच शिपिंग रूट शुरू हो चुका है, और जल्द ही ढाका-कराची के बीच हवाई सेवा भी शुरू हो सकती है।

बैठक में मध्य पूर्व और यूरोप में चल रहे संघर्षों पर भी चर्चा की गई, जिसमें दोनों पक्षों ने तनाव कम करने और शांति बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, भ्रामक सूचनाओं (मिसइन्फॉर्मेशन) के प्रसार और क्षेत्रीय अस्थिरता फैलाने वाले गैर-राज्यीय तत्वों के मुद्दे पर भी विचार विमर्श हुआ। हालांकि, बांग्लादेश द्वारा भारतीय राज्यों को अपना हिस्सा बताने को लेकर भारत सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। 

बांग्लादेश में बढ़ा पाकिस्तान का दखल

बैठक में बांग्लादेश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डॉ. खलीलुर रहमान, सीनियर सेक्रेटरी लमिया मुर्शिद, और पाकिस्तान के हाई कमिश्नर इमरान हैदर भी शामिल थे। यह मुलाकात ढाका और इस्लामाबाद के बीच संवाद को फिर से जीवित करने का प्रयास है, जो हाल के वर्षों में सीमित रहा था। अधिकारियों का कहना है कि यह बैठक दोनों देशों के रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com