

Highlights
ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज को निशाना बनाया
हमले में भारतीय नाविक की मौत पर भारत का बयान
घटना को लेकर भारत ने चिंता व्यक्त की है
Middle East Tension Updates: ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत होगई। भारत ने मंगलवार को पश्चिम एशिया में तनाव को तुरंत कम करने और राजनयिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने का आह्वान किया। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में, भारत ने सोमवार शाम ओमान के लिमाह के पास भारतीय झंडे वाले कमर्शियल जहाज 'MSV अल जुसुफी' पर हुए हमले की निंदा की। इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोगों को बचा लिया गया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि बचाए गए भारतीय नागरिकों और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाया जा सके। बयान में कहा गया कि हम कल शाम ओमान के लिमाह के पास एक कमर्शियल जहाज 'MSV अल जुसुफी' पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोट लगने के कारण दुखद मौत हो गई।
भारत सरकार भारतीय नागरिकों तथा मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर बार-बार हो रहे हमलों पर विदेश मंत्रालय ने चिंता जताते हुए तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान निकालने की भारत की मांग को दोहराया। कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक बताया है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आवाजाही और व्यापार की स्वतंत्रता को बहाल करने की मांग की।
यह बयान तब आया है जब केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ओमान के तट के पास 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले जहाज पर हुए हमले के बाद एक भारतीय नाविक की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को ओमान के तट के पास से गुजरते समय जहाज से एक अज्ञात हवाई वस्तु टकरा गई। ओमान कोस्ट गार्ड ने 13 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और बचा लिया। मृतक नाविक की पहचान गुजरात के गंधार नाहिम अजीज के रूप में हुई है।