

इस्लामाबाद. पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व पीएम इमरान खान (Imran Khan) ने कातिलाना हमले के एक दिन बाद शुक्रवार को शाम करीब 8 बजे अस्पताल से प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्हें एक दिन पहले ही पता चला गया था कि उन पर हमला होने वाला है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनपर चार गोलियां चलाई गई।
इमरान खान ने कहा कि मुझे चार गोलियां लगी हैं, लेकिन में ठीक हूं। मुझे एक दिन पहले ही पता चल गया था कि मुझ पर हमला होगा। इन्होंने वजीराबाद या गुजरात में मुझे मारने की योजना बना रखी थी। इमरान बोले कि मुझ पर दो तरफ से गोलियां चलाई गईं। उस दौरान मैं गिर पड़ा था और मेरे ऊपर से कई गोलियां निकल गईं। अगर वो सभी गोलियां मुझे लग जाती तो मेरा बचना मुश्किल था। हमलावर अकेले नहीं आया था। उसके साथ कई और लोग आए थे।
https://twitter.com/ANI/status/1588538843867025409
इमरान ने कहा मुझे मारने की योजना बना रखी थी। इसके लिए एक बंद कमरे में साजिश रची गई थी। मेरे पास इसको लेकर वीडियो क्लिप भी हैं। मैंने अपने समर्थकों को कहा कि अगर मुझे कुछ हो जाता है तो उस वीडियो को रिलीज कर दें। इस मामले में उन्होंने 3 लोगों का नाम लिया है। इन तीन लोगों में होम मिनिस्टर राणा सन्नाउल्ला, पीएम शहबाज शरीफ, मेजर जनरल फैजल का नाम शामिल है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के 70 वर्षीय प्रमुख ने कहा कि, मुझे सत्ता से हटाने के लिए साजिश रची गई है। जिसके लिए सरकारी पैसों का इस्तेमाल किया गया। मुझे पैसों के दम पर सत्ता से बाहर किया गया।
https://twitter.com/ANI/status/1588547807614361601
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग सरकार का नौकर है। उन्हें चुनाव में हराने के लिए आयोग ने उनकी (शाहबाज़ शरीफ सरकार) मदद की। हमने ईवीएम मशीन के जरिए वोटिंग का सुझाव दिया था, लेकिन हमारा सुझाव नहीं माना गया।
इमरान खान ने परवेज मुशर्रफ के मार्शल लॉ का जिक्र करते हुए कहा कि परवेज मुशर्रफ का मार्शल लॉ लिबरल था। उन्होंने कहा कि आज की सरकार में उस मार्शल लॉ से भी ज्यादा ज्यादती हो रही है। वे जिसको चाह रहे हैं, उन्हें जेल में डाल रहे हैं। उन्होंने धार्मिक कार्ड का इस्तेमाल कर मेरे खिलाफ सलमान तासीर की तरह हत्या की योजना बनाई। मैं आम लोगों के बीच से आया हूं, मेरी पार्टी सैन्य प्रतिष्ठान के तहत नहीं बनी है। मैंने 22 साल तक संघर्ष किया है।
इमरान ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहबाज शरीफ ने पुलिस एनकाउंटरों में 900 लोगों को मरवाया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर सरकार के खिलाफ एक मार्च के दौरान गुरुवार को पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया, जिसमें उनके पैर में गोली लगी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई, जबकि इमरान की पार्टी PTI के सांसद फैसल जावेद समेत 13 लोग घायल हो गए।