

Highlights
सऊदी अरब पर हूती गुटों का लगातार अटैक
किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को हमला
हूति हमले में 1 लोग की मौत और 8 घायल होने की खबर है
सऊदी पर इस हमले के अमेरिका ने अपने नागरिक को अलर्ट किया
Houthis Attack Saudi Arabia: सऊदी अरब पिछले कुछ समय से फिर हूतियों के निशाने पर है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने जानकारी दी कि बुधवार शाम को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। आधिकारिक बयान के अनुसार, घायल हुए आठों लोगों को मामूली से लेकर गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है।
बयान में आगे कहा गया कि 21 अक्टूबर, 2026 की बुधवार शाम को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला किया गया। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने आगे कहा कि हमले में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है, जिसकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। हमले में घायलों हुए लोगों का इलाज चल रहा है।
इस बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने सऊदी अरब में मौजूद गैर-आपातकालीन अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए प्रस्थान आदेश जारी किया। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने लिखा कि ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब के खिलाफ लगातार हिंसा की है, जिसमें नागरिक हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले शामिल हैं। जिसके परिणामस्वरूप आम नागरिकों की जान गई है और यात्रा में गंभीर बाधाएं आई हैं। विभाग के कर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और हम उनकी रक्षा और सहायता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाते रहेंगे।
एक अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने बताया है कि यमनी सेना के प्रवक्ता कर्नल माजिद अल-नाजिली ने पुष्टि की है कि हूतियों ने एक ही दिन में चौथी बार अल-रय्यान हवाई अड्डे को निशाना बनाया है। नागरिक उड्डयन बुनियादी ढांचे पर लगातार हमलों की निंदा करते हुए, कर्नल अल-नाजिली ने हवाई अड्डों को निशाना बनाने को यमनी आबादी की आवश्यक संपत्तियों पर हमला और उन पर नाकाबंदी थोपने का एक जानबूझकर उठाया गया कदम बताया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हवाई अड्डों पर हमले सीधे तौर पर यमनी लोगों के हितों को नुकसान पहुंचाते हैं और उनकी आवाजाही की स्वतंत्रता को गंभीर रूप से प्रतिबंधित करते हैं।
हाल ही में हवाई अड्डों पर हुए हमलों के मद्देनजर क्षेत्र में जारी तनाव के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। 10 अक्टूबर को किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए घातक हमले में एक भारतीय नागरिक सहित 13 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हो गए। 11 अक्टूबर को जारी एक बयान में घटना में 12 लोगों की मौत और 309 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बाद में हमले में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की। जीएसीए के अनुसार, 6 और 7 अक्टूबर को किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर सिलसिलेवार हमले हुए, जिनमें तीन लोगों की मौत और 36 लोग घायल हुए।