अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प पर फायरिंग, कान को छेदते निकली गोली, मारा गया संदिग्ध हमलावर

Donald Trump , Gun Fire , America
(डिज़ाइन फोटो)
Updated on

पेंसिल्वेनिया: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर आज जानलेवा हमला हुआ है। खबर के अनुसार पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली के दौरान ट्रम्प पर गोली चलाई गई है। रैली के दौरान वे जब मंच पर बोल रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ट्रम्प ने तुरंत अपने दाहिने कान पर हाथ रखा और नीचे झुक गए। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत ट्रम्प को कवर करने उनके सामने खड़े हो गए।

हमले के बाद ट्रम्प के चेहरे और कान पर खून के निशान दिखे हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। उनकी हालत अब ठीक है। US सीक्रेट सर्विस ने दोनों शूटरों को मार गिराया है। यह घटना अमेरिकी राज्य पेंसिल्वेनिया के शहर पिट्सबर्ग से 35 मील दूर पश्चिम में बटलर काउंटी में घटीत हुई है।

आज जब फायरिंग के बाद एजेंट्स ने ट्रम्प को संभाला और उन्हें खड़े होने में मदद की, तो उनके चेहरे और कान पर खून साफ नजर आया। इस दौरान ट्रम्प ने मुट्‌ठी भींचकर हवा में लहराई, मानों कह रहें हों कि सब ठिक है। इसके बाद सीक्रेट एजेंट्स ट्रम्प को मंच से उतारकर कार में बैठाकर वहां से उन्हे ले गए।

हादसे को लेकर खुद ट्रम्प ने बताया कि उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है। उन्होंने इस बाबत सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि ‘मेरे दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है। कान के ऊपरी हिस्से को छेदते हुए एक गोली निकल गई। बहुत ज्याद खून बह रहा था। भगवान अमेरिका को आशीर्वाद दें।’ पूर्व राष्ट्रपति पर फायरिंग की इस घटना के बाद अमेरिका में मानों सनसनी और डर की लहर फैल गई है। गोली लगने से पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली में मौजूद एक शख्स की भी मौत हो गई है ।

घटना पर मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प अस्पताल से निकल चुके हैं, जहां उन्हें कान में गोली लगने के बाद भर्ती कराया गया था। ट्रम्प अब कहां जा रहे हैं, इसकी फिलहाल कोई भी जानकारी नहीं है। इस रैली के बाद उनका न्यू जर्सी स्थित अपनी प्रॉपर्टी बेडमिंस्टर जाने का कार्यक्रम था। ट्रम्प के तय कार्यक्रम के अनुसार विस्कॉन्सिन के मिलवॉकी भी जाना है। यहां कल यानी सोमवार को रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन की शुरुआत भी होनी है।

क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन

इधर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर जानलेवा हमले को बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने कहा, "संघीय सरकार की सभी एजेंसियों ने मुझे स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी है।मैंने डोनाल्ड से संपर्क करने की कोशिश की है, वे अपने डॉक्टरों के साथ हैं और ठीक हैं।अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।।।हम इसे अनदेखा नहीं कर सकते। मैं सीक्रेट सर्विस और राज्य एजेंसियों सहित सभी एजेंसियों को धन्यवाद देना चाहता हूं। मूल बात यह है कि ट्रम्प की रैली बिना किसी समस्या के शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जानी चाहिए थी। सभी को इसकी निंदा करनी चाहिए।"

ओबामा ने भी जताई चिंता

वहीं पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ट्वीट किया कि हमारे लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई भी जगह नहीं है। हालांकि हम अभी तक यह नहीं जानते कि वास्तव में वहां क्या हुआ, हम सभी को इस बात की राहत होनी चाहिए कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प को कोई भी गंभीर चोट नहीं आई है।

इसके साथ ही अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने ट्वीट किया, "पूरा रक्षा विभाग इस हिंसा की निंदा करता है, जिसका हमारे लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। यह वह तरीका नहीं है जिससे हम अमेरिका में अपने मतभेदों को सुलझाते हैं - और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए। मुझे राहत है कि रिपोर्ट्स से पता चलता है कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प सुरक्षित हैं, और मैं उनके और उनके परिवार और इस भयावह घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूँ।"

Navbharat Live
navbharatlive.com