जर्मनी: विश्वविद्यालय में हुई गोलीबारी, महिला की मौत, तीन लोग घायल

Germany-shotout
Published on
Updated on

बर्लिन: दक्षिण-पश्चिमी जर्मनी की हीडलबर्ग यूनिवर्सिटी के एक व्याख्यान सभागार में सोमवार को एक बंदूकधारी ने गोलीबारी की, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। इसके बाद हमलावर ने स्वयं की भी जान ले ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।क्षेत्रीय पुलिस प्रमिुख सीगफ्राइड कोलमार ने बताया कि 18 वर्षीय संदिग्ध हमलावर विश्वविद्यालय में जीव विज्ञान का छात्र था। संदिग्ध जर्मनी का नागरिक है और उसका कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं है।

उन्होंने बताया कि उसने गोलीबारी से ठीक पहले अपने पिता को फोन पर संदेश भेजा था कि ‘‘लोगों को सजा दी जाएगी।'' कोलमार ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हमला क्यों किया गया था, लेकिन संदिग्ध अतीत में एक मनोवैज्ञानिक बीमारी से पीड़ित रहा है। हमलावर का शव अधिकारियों को बाहर मिला। उसके पास से दो आग्नेयास्त्र और गोला-बारूद भी मिले।

पुलिस ने हमले में मारी गई महिला की पहचान 23 वर्षीय जर्मन नागरिक के रूप में की है। घटना में दो जर्मन महिलाएं और एक जर्मन-इतालवी व्यक्ति घायल हुआ है। जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज़ ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया है। हीडलबर्ग, फ्रैंकफर्ट के दक्षिण में स्थित है और वहां लगभग 1,60,000 लोग रहते हैं। वहां स्थित विश्वविद्यालय जर्मनी के सबसे प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों में से एक है। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com