

Gunshot in White House: व्हाइट हाउस (White House) में पत्रकारों के लिए आयोजित डिनर के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मंच पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में अचानक गोली जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं। हालात बिगड़ते देख अमेरिकी कमांडो तुरंत हरकत में आए और ट्रंप को सुरक्षा घेरे में ले लिया। वीडियो में नजर आता है कि ट्रंप तुरंत सिर झुका लेते हैं, जबकि सुरक्षाकर्मी उन्हें चारों ओर से घेरकर वहां से तेजी से बाहर ले जाते हैं।
बताया जा रहा है कि व्हाइट हाउस (White House) कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदूकधारी ने फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया। उस समय डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी समेत अन्य नेताओं और अधिकारियों के साथ डिनर में मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, अमेरिकी समयानुसार रात करीब 8:30 बजे यह घटना हुई।
इस दौरान सुरक्षा कारणों से डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और अन्य वरिष्ठ नेताओं को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में तेज आवाजें सुनाई देने का दावा किया गया है, हालांकि इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन आवाजों के बाद वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया।
डोनाल्ड ट्रंप बतौर राष्ट्रपति पहली बार इस डिनर में शामिल हुए। उसी दौरान एक व्यक्ति फायरिंग करते हुए अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था, जिस पर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। इस डिनर में लगभग 2,600 लोग मौजूद थे, और गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोग अपनी-अपनी टेबल के नीचे छिप गए।
वाशिंगटन डीसी में हर साल आयोजित होने वाला कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जाता है। इस समारोह में पत्रकार, राजनेता और हॉलीवुड की मशहूर हस्तियां एक साथ इकट्ठा होती हैं। यह कार्यक्रम प्रेस की आजादी का जश्न मनाता है, पत्रकारिता के छात्रों के लिए छात्रवृत्तियां प्रदान करता है और राजनेताओं की हल्के-फुल्के अंदाज में रोस्टिंग (व्यंग्य) भी किया जाता है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति के शामिल होने की परंपरा रही है।