

आर्थिक विकास में अमेरिका ने भी माना भारत का लोहा
भारत के GDP की विकास दर का ट्रंप ने सराहा
ट्रंप ने कहा अमेरिका में बयाज दर अधिक होने से विकास दर में हो रही गिरावट
Trump Criticizes Federal Reserve: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की आर्थिक विकास दर और कम ब्याज दरों का उदाहरण देते हुए अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की आलोचना की है। उनका कहना है कि अमेरिका में ब्याज दरें जरूरत से ज्यादा हैं। अगर इन्हें कम किया जाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था की विकास दर 15 से 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने फेडरल रिजर्व पर जरूरत से ज्यादा राजनीतिक तरीके से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े अच्छे आते हैं, फेड ब्याज दरें घटाने के बजाय बढ़ा देता है। जबकि मजबूत अर्थव्यवस्था को देखते हुए ब्याज दरें कम होनी चाहिए।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें अधिक होने की एक बड़ी वजह फेडरल रिजर्व का रवैया है। उन्होंने कहा कि वह फेड के चेयरमैन को सीधे तौर पर दोष नहीं दे रहे, लेकिन संस्था के फैसलों में राजनीति का असर दिखाई देता है।
उनके मुताबिक, जब देश की अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही हो और आर्थिक आंकड़े मजबूत हों, तब ब्याज दरें बढ़ाने की जरूरत नहीं होती। ऐसे समय में दरें कम करने से कारोबार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने तर्क दिया कि अमेरिका की आर्थिक स्थिति मजबूत है और उसकी कर्ज चुकाने की क्षमता भी बेहतर है। ऐसे में देश को कम ब्याज दरों का लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा नीतियों की वजह से अमेरिका अपनी पूरी आर्थिक क्षमता का इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है। ट्रंप के अनुसार, अगर ब्याज दरें कम रखी जातीं, तो अमेरिकी GDP की विकास दर 4 प्रतिशत के बजाय 15 से 20 प्रतिशत तक हो सकती थी। इससे देश को अपना कर्ज भी तेजी से चुकाने में मदद मिलती।
ट्रंप ने अपनी बात समझाने के लिए भारत का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें कम हैं और वहां GDP की विकास दर करीब 7 प्रतिशत है। इसके मुकाबले अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं, तो उसकी आर्थिक वृद्धि कहीं अधिक हो सकती है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था दुनिया के कई देशों की आर्थिक तरक्की में अहम भूमिका निभाती है। इसलिए अमेरिका में ब्याज दरें दूसरे देशों के मुकाबले सबसे कम होनी चाहिए।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका में महंगाई दर अभी भी फेडरल रिजर्व के निर्धारित 2 प्रतिशत के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।
बयान में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में अमेरिका की सालाना पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर 3.6 प्रतिशत रही। वहीं, खाद्य और ऊर्जा की कीमतों को हटाकर देखी जाने वाली कोर PCE महंगाई दर 3.1 प्रतिशत दर्ज की गई।
फेडरल रिजर्व महंगाई को नियंत्रित रखने के लिए ब्याज दरों का इस्तेमाल करता है। वहीं, ट्रंप चाहते हैं कि ब्याज दरें कम हों, ताकि कारोबार और निवेश को बढ़ावा मिले।