'पागलों सुधर जाओ...मंगलवार को एनर्जी प्लांट और ब्रिज डे', ट्रंप ने ईरान को दी नरक जैसी सजा की धमकी

Iran Conflict: इससे पहले एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा, अमेरिकी सेना ने ईरान की पहाड़ियों के अंदर गंभीर रूप से घायल और बेहद बहादुर एफ-15 क्रू मेंबर/अफसर को बचाया।
donald trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Donald Trump Warning for Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता है, तो अमेरिका उसके ऊर्जा संयंत्रों और पुलों पर हमले कर सकता है और उसे नरक जैसा परिणाम भुगतना पड़ सकता है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, मंगलवार को ईरान में एक ही दिन में ऊर्जा संयंत्र दिवस और पुल दिवस मनाया जाएगा। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा। जलडमरूमध्य खोल दें, पागलों, वरना नरक में जाओगे- देखते रहिए। अल्लाह से प्रार्थना करिए।

इससे पहले एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा, अमेरिकी सेना ने ईरान की पहाड़ियों के अंदर गंभीर रूप से घायल और बेहद बहादुर एफ-15 क्रू मेंबर/अफसर को बचाया। राष्ट्रपति ने बताया कि ईरानी सेना बड़ी संख्या में उन्हें खोज रही थी और करीब आ रही थी।

'सात घंटे तक ईरान में ऑपरेशन'

ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि यह पायलट एक बहुत ही सम्मानित कर्नल हैं और इस तरह के अभियान बहुत कम ही किए जाते हैं, क्योंकि यह सैनिकों और उपकरणों के लिए बेहद खतरनाक होता है। उन्होंने बताया कि पहला अभियान दिन के उजाले में हुआ, जिसमें सात घंटे ईरान के अंदर बिताए गए।

ट्रंप का यह पोस्ट इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि अमेरिका के राष्ट्रपति ने खुलेआम गाली देते हुए किसी देश को इस तरह धमकाया। यह कूटनीति की सारी मर्यादाएं तोड़ने वाला बयान माना जा रहा है।

पावर प्लांट और पुल पर हमला क्यों?

अगर किसी देश के बिजली घर तबाह हो जाएं तो पूरे देश में अंधेरा हो जाता है। अस्पताल बंद, पानी बंद, खाना बनाना बंद। और अगर पुल टूट जाएं तो एक जगह से दूसरी जगह जाना बंद। यह सीधे आम लोगों की जिंदगी पर हमला है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को डील के लिए 10 दिन का समय दिया था। हालांकि, ईरान ने उनके इस प्रस्ताव को माने से इनकार कर दिया है।

सोमवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सभी सैनिकों की बहादुरी और कौशल की प्रशंसा की और सोमवार को व्हाइट हाउस में सैन्य अधिकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उन्होंने कहा, भगवान हमारे महान सैन्य योद्धाओं को आशीर्वाद दें।

Navbharat Live
navbharatlive.com