चीन के शिनजियांग में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग... जिंदा जले 28 लोग, सामने आया हादसे का खौफनाक VIDEO

China Shoe Factory Fire Accident: चीन की 'जूता राजधानी' जिनजियांग में एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग के कारण कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई और कई कर्मचारी छत पर फंस गए।
Jinjiang Shoe Factory Fire Accident
चीन में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Jinjiang Shoe Factory Fire Accident: दक्षिण-पूर्वी चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में स्थित एक जूता फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने यह जानकारी दी है। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में जान बचाने की होड़ लग गई। शिन्हुआ की ओर से जारी वीडियो में फैक्ट्री भवन से ऊंची-ऊंची लपटें उठती और आसमान में काला धुआं फैलता दिखाई दिया। वीडियो में कुछ कर्मचारी फैक्ट्री की छत पर फंसे नजर आए, जिन्हें बचाने के लिए राहत दल लगातार प्रयास करते रहे। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि धुएं और आग से बचने के लिए एक व्यक्ति ने ऊंचाई से छलांग भी लगा दी।

इमारत की छत पर फंसे लोग

यह आग स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे हुईटेंग फुटवियर फैक्ट्री में लगी। आग लगते ही कई कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग इमारत के अंदर और ऊपरी मंजिलों पर फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई कर्मचारी जान बचाने के लिए छत की ओर भाग गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय प्रशासन ने राहत कार्य के लिए 183 बचावकर्मियों और 35 दमकल व आपातकालीन वाहनों को तैनात किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि देर शाम तक फैक्ट्री परिसर में धुआं उठता रहा।

शुरुआती जांच में क्या सामने आया?

अधिकारियों के अनुसार, आग फैक्ट्री के बेसमेंट से शुरू हुई थी। जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, कच्चा माल और चिपकाने वाले पदार्थ अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं। इसी वजह से आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। बचाव दल ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर रसायनों की तेज गंध के कारण राहत कार्य में भी कठिनाई हुई।

जिनजियांग चीन के सबसे बड़े फुटवियर निर्माण केंद्रों में शामिल है। इसे चीन का शू कैपिटल भी कहा जाता है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में यहां की हजारों कंपनियों ने 1.2 अरब से अधिक जोड़ी जूते बनाए थे, जो दुनिया के कुल जूता उत्पादन का करीब 20 प्रतिशत है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के बेहतर इलाज और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com