हाथों में बंदूक और जबान पर गाली, नशे में धुत भारतीय को बैंकॉक पुलिस ने किया गिरफ्तार, वीडियो वायरल

Indian Tourist Arrested Bangkok: बैंकॉक के सियाम स्क्वायर में भारतीय नागरिक को नशें में बंदूक जैसी लाइटर से डराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हाथ में गन… भांग का नशा और धाराप्रवाह गाली! बैंकॉक में भारतीय शख्स की करतूत का वीडियो वायरल
आरोपी साहिल राम थडानी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangkok News: बैंकॉक के सियाम स्क्वायर इलाके में एक 41 वर्षीय भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने बंदूक जैसी दिखने वाली एक लाइटर से लोगों को डराया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह घटना शाम लगभग 4 बजे पथुम वान जिले के सियाम स्क्वायर सोई 6 में नोवोटेल बैंकॉक होटल के सामने हुई। पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध हरकतें कर रहा है और बंदूक जैसी किसी वस्तु को लहरा रहा है। बाद में इस व्यक्ति की पहचान साहिल राम थडानी के रूप में हुई।

डर से भागने लगे लोग

सीसीटीवी फुटेज में थडानी को भीड़भाड़ वाले इलाके में घूमते, जोर-जोर से चिल्लाते और राहगीरों पर हथियार जैसी चीज तानते हुए देखा गया। घटना के दौरान लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और पुलिस के आने तक हालात पर काबू पाने का प्रयास किया।

पुलिस के मौके पर पहुंचने पर थडानी ने सहयोग नहीं किया और कथित तौर पर अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों को धमकाता रहा। बाद में जब उसे हिरासत में लिया गया, तो पता चला कि वह ‘हथियार’ असल में एक सिगरेट लाइटर था, जिसे पिस्तौल की तरह डिजाइन किया गया था। पूरी घटना सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गई। पुलिस ने उस पर कई आरोप लगाए। अधिकारियों का मानना है कि उसकी हरकतें भांग के नशे में उत्पन्न मतिभ्रम के प्रभाव में की गई थीं।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

थडानी को पथुम वान पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उस पर सार्वजनिक स्थान पर लोगों को डराने-धमकाने और अशांति फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह संदेह है कि आरोपी ने गांजा सेवन किया था, जिससे उसे वहम हुआ।

जांच में यह भी सामने आया है कि थडानी भारत में तीन कंपनियों के डायरेक्टर रह चुके हैं, लेकिन अब वे कंपनियां बंद हो चुकी हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच जारी रखे हुए है और आगे और भी आरोप जोड़े जा सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com