36 घंटे में दूसरी बार आया भयानक भूकंप...अफगानिस्तान में मची चीख-पुकार! VIDEO में देखें तबाही का मंजर

Earthquake in Afghanistan: मंगलवार की शाम एक बार फिर अफगानिस्तान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस बार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई है। इससे पहले रविवार को भूकंप ने तबाही मचाई थी।
afghanistan-earthquake-second-time-in-36-hours-destruction-video
अफगानिस्तान में फिर आया भूकंप (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान की आवाम को एक बार फिर कुदरत ने अपनी ताकत का एहसास कराया है। मिली जानकारी के अनुसार, एक बार फिर अफगानिस्तान की धरती भूकंप से हिली है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.3 मापी गई है।

आपको बता दें कि रविवार देर रात अफगानिस्तान में आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। मिली जानकारी के अनुसार, इस भूकंप के कारण अब तक 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अफगानिस्तान के लोग अभी इस भूकंप से हुई तबाही से उबर भी नहीं पाए थे कि एक और भूकंप आ गया है।

दो दिन के अंदर दूसरी बार हिली धरती

पिछले 2 दिनों में दूसरी बार अफगानिस्तान की धरती भूकंप से हिली है। National Center for Seismology के अनुसार, भारतीय समयानुसार आज शाम 5:59 बजे एक बार फिर अफगानिस्तान में भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.3 रही।

जानिए कहां था भूकंप का केन्द्र?

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से 134 किलोमीटर पूर्व में था। इसका केंद्र ज़मीन से लगभग 130 किलोमीटर अंदर था। हालांकि इस नए भूकंप में अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की ख़बर सामने नहीं आई है।

रविवार को आए भूकंप ने मचाई तबाही

आपको बता दें कि अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में रविवार देर रात आए भयानक भूकंप से दहशत का माहौल है। रिक्टर पैमाने पर 6.3 तीव्रता का यह भूकंप जलालाबाद के पास ज़मीन से मात्र 8 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे पूरा इलाका हिल गया। भूकंप ने सबसे ज़्यादा तबाही दराह-ए-नूर ज़िले के सातिन गांव में मचाई है।

अब तक 1400 लोगों की हुई मौत

रविवार को देर रात आए भूकंप के इस भयावह त्रासदी में अब तक 1400 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 2000 से ज़्यादा लोग घायल हैं। कई गांवों के घर तबाह हो गए हैं। बचाव दल मलबे से लोगों को निकालने में जुटे हैं। मौतों का आंकड़ा अभी और ज्यादा बढ़ सकता है।

रविवार को जब अफगानिस्ता नें धरती कांपी थी तो उत्तर भारत के प्रांतों ने भी उसकी धमक महसूस की थी। जम्मू-कश्मीर और दिल्ली एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। हालांकि भारत में इस भूकंप से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com