स्कूल से घर लौट रहा था 5 साल का बच्चा...उठा ले गए ट्रंप के अधिकरी, मामला खुला तो मचा बवाल

US immigration Policy: मिनेसोटा में प्री-स्कूल से लौट रहे 5 वर्षीय लियाम रामोस को उसके पिता सहित फेडरल एजेंटों ने हिरासत में लिया और टेक्सास के डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
US Immigration Officers Detain 5 Year Old Child:
अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने 5 साल के बच्चे को हिरासत में लिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

US Immigration Officers Detain 5 Year Old Child: अमेरिका से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मिनेसोटा में प्री-स्कूल से घर लौट रहे एक 5 वर्षीय बच्चे को उसके पिता के साथ फेडरल एजेंटों ने हिरासत में ले लिया। दोनों को टेक्सास स्थित एक डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट की अधीक्षक जेना स्टेनविक के अनुसार, हिरासत में लिए गए चार नाबालिगों में लियाम कोनेजो रामोस भी शामिल है। इनमें दो 17 वर्षीय और एक 10 वर्षीय किशोर भी हैं। रामोस परिवार के कील मार्क प्रोकोश ने बताया कि लियाम और उसके पिता दोनों अमेरिका में शरणार्थी आवेदक के रूप में कानूनी रूप से रह रहे थे। लियाम की हिरासत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में भारी हथियारों से लैस फेडरल एजेंट 5 साल के बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में बच्चे ने नीली टोपी पहन रखी है और उसके कंधे पर स्पाइडर-मैन वाला बैग टंगा हुआ है।

आईसीई एजेंटस ने बच्चे को बनाया ‘चारा’

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को जब लियाम और उसके पिता प्री-स्कूल से घर लौटे, तो बच्चे ने देखा कि नकाबपोश ICE एजेंट उसके पिता को घर के ड्राइव-वे से हिरासत में ले रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एजेंटों ने बच्चे को ‘चारा’ बनाकर उसकी मां को घर से बाहर निकालने की कोशिश की।

कोलंबिया हाइट्स स्कूल बोर्ड की अध्यक्ष मैरी ग्रानलुंड ने पत्रकारों को बताया कि लियाम के पिता ने अपनी पत्नी से घर के अंदर ही रहने को कहा था, ताकि उन्हें भी हिरासत में न लिया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल अधिकारियों, परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने बच्चे को अपने साथ ले जाने की पेशकश की, लेकिन आईसीई अधिकारियों ने इसे साफ़ तौर पर खारिज कर दिया।

ट्रंप प्रशासन पर भड़की कमला हैरिस

अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने इस कार्रवाई की तीखी आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि लियाम रामोस सिर्फ़ एक बच्चा है और उसे अपने परिवार के साथ घर पर होना चाहिए, न कि आईसीई द्वारा चारा बनाकर टेक्सास के हिरासत केंद्र में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं आक्रोशित हूं और आपको भी होना चाहिए।”

Navbharat Live
navbharatlive.com