पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के दो मामले आए सामने, नड्डा ने ममता बनर्जी को किया फोन

Nipah Virus: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी ममता बनर्जी से बात की है।
Nipah virus cases have been reported in West Bengal
सांकेतिक तस्वीर
Published on
Updated on

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के दो मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। उत्तर 24 परगना जिले के एक अस्पताल में काम करने वाली दो नर्सें निपाह वायरस से संक्रमित पाई गई हैं, जिनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। मामलों की पुष्टि के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बातचीत की है। राज्य सरकार की ओर से दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। फिलहाल दोनों संक्रमित नर्सों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

दोनों नर्सों को किया गया क्वारेंटाइन

एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया, “दोनों नर्स बारासात के एक ही अस्पताल में कार्यरत हैं और उनके निपाह वायरस से संक्रमित होने की आशंका है। उनके सैंपल जांच के लिए कल्याणी एम्स भेजे गए हैं और शुरुआती रिपोर्ट में निपाह संक्रमण के संकेत मिले हैं।” अधिकारी के अनुसार, एक नर्स नदिया जिले की रहने वाली है, जबकि दूसरी पूर्व बर्धमान जिले के कटवा की निवासी है। उन्होंने कहा, “दोनों को फिलहाल उसी बारासात अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे काम करती हैं। उन्हें आइसोलेटेड वार्ड में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।”

बारासात अस्पताल में कराया गया भर्ती

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक, महिला नर्स हाल ही में अपने गृह नगर कटवा से लौटी थी, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। 31 दिसंबर को उसे पहले एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों ने बताया, “हालत गंभीर होने पर उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और बाद में विशेष एंबुलेंस के जरिए बारासात अस्पताल में शिफ्ट किया गया।” वहीं पुरुष नर्स में भी इसी तरह के लक्षण पाए गए, जिसके बाद उसे भी जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

नड्डा ने ममता बनर्जी से की बातचीत

सूत्रों के अनुसार, निपाह वायरस अलर्ट को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर चर्चा की है। निपाह संक्रमण की खबर सामने आते ही राज्य सरकार ने दो हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं। निपाह वायरस के लक्षण दिखने पर लोग 03323330180 और 9874708858 पर कॉल कर सहायता ले सकते हैं। इसके साथ ही सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए अलग-अलग स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार किए जा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com