नंदीग्राम उपचुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, 14 दिन की हिरासत में भेजे गए मिलन प्रधान, 3 अक्टूबर तक रहेंगे बंद

Nandigram Bypoll 2026: नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत मिली। पुराने हत्या मामले में गिरफ्तारी के बाद 3 अक्टूबर तक जेल में रहेंगे।
Milan Pradhan Judicial Custody
उपचुनाव के लिए नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीवार मिलन प्रधान(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Milan Pradhan Judicial Custody: पूर्वी मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को शनिवार को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्हें एक पुराने हत्या के मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद अदालत में पेश किया गया था। पश्चिम बंगाल में अगले महीने 6 अक्टूबर को रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाले हैं, लेकिन इससे पहले राज्य में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 

पूर्वी मेदिनीपुर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मिलन प्रधान के खिलाफ पुराने हत्या मामले में पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी था। इसी वारंट के आधार पर उन्हें शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और शनिवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जिसका मतलब यह है कि मिलन प्रधान मतदान तक जेल में ही रहने वाले हैं। 

ममता बनर्जी ने किया था समर्थन का ऐलान

कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई, जब नंदीग्राम उपचुनाव का राजनीतिक माहौल गर्म है। इससे एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संचिता डे प्रधान ने अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट पर कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया।

कांग्रेस ने मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया है। पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डब्ल्यूबीपीसीसी) के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले उनके उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई कर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में विपक्ष की राजनीति खत्म करना चाहती है।

भाजपा ने गिरफ्तारी पर दी सफाई

वहीं, भाजपा के पूर्वी मेदिनीपुर जिला नेतृत्व ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मिलन प्रधान की गिरफ्तारी से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है और पुलिस ने अदालत के वारंट के आधार पर कार्रवाई की है। नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 नवंबर को होगी।

नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने यहां हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है। हसीरानी रथ, सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जिनकी मई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com