22 फिल्मों में अमिताभ-बच्चन का नाम रखा गया 'विजय', जानें- क्या है वजह?
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज 81 साल के हो गए हैं।
11 अक्टूबर 1942 को उत्तर प्रदेश में जन्मे अमिताभ को अपने करियर के शुरुआती दौर में अपनी योग्यता साबित करने में काफी समय लगा।
लेकिन आज उन्होंने अपने दम पर इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है।
अमिताभ बच्चन ने फिल्म 'सात हिंदुस्तान' से करियर की शुरुआत की जो सुपर फ्लॉप साबित हुई।
इसके बाद उनकी करीब 12 फिल्में भी बुरी तरह पिट गई।
एक दर्जन फिल्में फ्लॉप होने से टूट चुके अमिताभ बच्चन को प्रकाश मेहरा की फिल्म 'जंजीर' का ऑफर मिला।
हालांकि इस फिल्म में विजय का किरदार निभाने से खुद अमिताभ बच्चन ने इनकार कर दिया था।
लेकिन ये फिल्म उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई और अमिताभ बच्चन ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
फिल्म 'जंजीर' में अमिताभ बच्चन के किरदार विजय ने उन्हें एंग्री यंग मैन के रूप में पहचान दिलाई।
इसी के बाद 22 फिल्मों में अमिताभ बच्चन का नाम विजय रखा गया।
अमिताभ बच्चन पर कई किताबें लिखने वाली मशहूर लेखिका भावना सौम्या के मुताबिक, 'हमारी इंडस्ट्री में एक परंपरा है कि अगर किसी एक्टर की फिल्म सुपरहिट साबित होती है तो ज्यादातर फिल्मों में उसका नाम वही रखा जाता है।'
वहीं इस बारे में जावेद अख्तर से पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि अमिताभ हर चीज पर विजय हासिल कर लेते हैं, शायद इसीलिए ज्यादातर फिल्मों में उनका नाम विजय होता था।
फिल्म अग्निपथ, शहंशाह, आखिरी रास्ता, शान, दोस्ताना, त्रिशूल, डॉन, दीवार, जंजीर समेत कुल 22 फिल्मों में बिग बी का नाम 'विजय' रखा गया, जिनमें ज्यादातर फिल्में सुपर डुपर हिट साबित हुईं।
