अंतिम संस्कार में बुलाया डांसर! परिवार ने क्यों किया ये अजीब कारनामा, VIDEO देख लोग हैरान

Thailand: थाईलैंड के एक मंदिर में 59 वर्षीय व्यक्ति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए उसके ताबूत के सामने 'कॉयोट डांसर्स' ने प्रस्तुति दी। इस अनोखी विदाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
thailand funeral dancer
अंतिम संस्कार में बुलाया डांसर(Image- Social Media)
Published on
Updated on

Thailand Funeral Dance Viral Video: थाईलैंड से एक अनोखा और बहस छेड़ने वाला मामला सामने आया है, जहां अंतिम संस्कार जैसे गंभीर मौके पर भी एक परिवार ने अपने प्रियजन की अंतिम इच्छा को सम्मान देने के लिए अलग ही तरीका अपनाया।

यह घटना नखोन सी थम्मरत के रॉन फिबुन जिले स्थित वाट थेप्पनोम चुएट मंदिर की बताई जा रही है। यहां 59 वर्षीय व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी को चौंका दिया।

अंतिम इच्छा के लिए खास आयोजन

परिवार के अनुसार, मृतक की आखिरी इच्छा थी कि उनकी विदाई दुखभरे माहौल में नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी की खुशियों को याद करते हुए हो। इसी वजह से अंतिम संस्कार से पहले तीन ‘कॉयोट डांसर’ को बुलाया गया, जिन्होंने ताबूत के सामने प्रस्तुति दी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस पूरे कार्यक्रम को न सिर्फ वहां मौजूद लोगों ने देखा, बल्कि इसे लाइव भी किया गया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे मृतक की इच्छा का सम्मान बताते हुए सराहा और कहा कि इससे माहौल हल्का और सकारात्मक बना। वहीं, कई लोगों ने इसे अंतिम संस्कार जैसे गंभीर मौके के लिए अनुचित बताया।

लोगों की मिली-जुली राय

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने लिखा कि दुख में डूबे रहने के बजाय अगर किसी की जिंदगी को इस तरह याद किया जाए तो यह बेहतर है। वहीं, कुछ अन्य लोगों ने कहा कि अंतिम इच्छा का सम्मान जरूरी है, लेकिन ऐसे कार्यक्रमों में बच्चों की मौजूदगी को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए।

थाईलैंड की यह घटना अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है कि क्या अंतिम विदाई हमेशा पारंपरिक शोक तक सीमित रहनी चाहिए या व्यक्ति की इच्छानुसार इसे अलग और सकारात्मक तरीके से भी मनाया जा सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com