

BMW Car Accident Video: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार, 20 सितंबर 2026 की तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ अत्यधिक तेज रफ्तार में जा रही एक काली बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी।
इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार चार लोगों में से तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह खौफनाक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह हादसा सुबह लगभग 5 से 5:20 बजे के बीच लोटस जेटी और लाला लाजपतराय कॉलेज के सामने हुआ। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू (DD-01 C-6302) अचानक नियंत्रण खो देती है और कोस्टल रोड ब्रिज के किनारे से हवा में उड़ती हुई नीचे गिरती है।
हवा में पलटी खाते हुए यह लक्जरी कार नीचे कार पार्किंग निर्माण स्थल पर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और सड़क पर मलबा फैल गया।
हादसे का शिकार हुए चारों युवा मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद शहर के रहने वाले थे। वे मुंबई के जुहू स्थित NMIMS कॉलेज के छात्र थे और मुंबई में पीजी (PG) के रूप में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, कार में सैनय गुर्जर (21 वर्ष), आदित्य जाकसनिया (19 वर्ष), एक 17 वर्षीय किशोर और आदित्य ओसवाल (20 वर्ष) सवार थे।
सैनय गुर्जर कार चला रहे थे। दुर्घटना के बाद सभी को नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। इस हादसे में 20 वर्षीय आदित्य ओसवाल ही अकेले जीवित बचे हैं।
ये सभी दोस्त मरीन ड्राइव गए हुए थे और वहां से लौटते समय ओवरस्पीडिंग के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया था। सूचना मिलते ही ताड़देव पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुंबई में रहने वाले रिश्तेदार अस्पताल पहुंच चुके हैं, जबकि पीड़ितों के माता-पिता गुजरात से मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं।