

Doctor Bride Saves Unconscious Guest Viral Video: कोल्हापुर जिले के बांदिवडे में हाल ही में एक शादी समारोह ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शादी के मंडप में अचानक एक महिला मेहमान चक्कर खाकर सीधे मंच पर गिर पड़ी। यह नजारा देख आसपास खड़े लोग सकते में आ गए। लेकिन यही वो पल था जब दुल्हन ने अपनी असली हीरोइन वाली छवि दिखाई।
मंडप में दुल्हन के रूप में मौजूद डॉक्टर ने बिना एक पल गंवाए तुरंत मौके पर दौड़ लगाई और गिर गई महिला का उपचार करना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में महिला की हालत में सुधार होने लगा और मंडप में माहौल फिर से सामान्य हो गया। डॉक्टर दुल्हन की तत्परता और हिम्मत को देखकर वहां मौजूद लोगों ने उसकी तारीफ की।
इस पूरे घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि शादी की चहल-पहल के बीच कैसे डॉक्टर दुल्हन ने अपनी प्रोफेशनल स्किल और साहस का परिचय देते हुए तुरंत महिला का इलाज शुरू किया। लोग सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और दुल्हन की तारीफ कर रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि दुल्हन चक्कर आकर गिरी महिला के पास पहुंचती है और पास खड़े लोगों से उसके पैर ऊपर उठाने कहती है। लोग महिला के पैरों को माेड़ने की कोशिश करते है, तभी दुल्हन उन्हें टोकते हुए कहती है कि पैर मोड़ना नहीं है ऊपर उठाना है। इसके बाद वह महिला के चेहरे को थपथपाती है। थोड़ी देर बाद महिला को होश आता है, तब दुल्हन उनसे पूछती है कि अब कैसा महसूस हो रहा है। सुबह खाया या नहीं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नजारा सिर्फ शादी का नहीं बल्कि इंसानियत और सेवा भाव का भी शानदार उदाहरण है। वहीं, महिला मेहमान ने भी डॉक्टर दुल्हन को धन्यवाद दिया और कहा कि उनका तेज और पेशेवर रुख ही उन्हें जल्दी ठीक होने में मदद मिला।
बांदिवडे की यह शादी अब सिर्फ दो परिवारों के मिलन की कहानी नहीं रह गई, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए लोगों के दिलों में डॉक्टर दुल्हन की बहादुरी और निस्वार्थ सेवा की मिसाल बन गई है।
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि कभी-कभी असली हीरो वही होते हैं, जो आम दिनों में भी दूसरों की मदद के लिए बिना हिचकिचाए आगे बढ़ जाते हैं।