TRAI New Rules: भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन में 13वां संशोधन करते हुए सभी टेलीकॉम कंपनियों जैसे Jio, Airtel, Vodafone Idea और BSNL को बिना इंटरनेट डेटा वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। इस नए नियम के तहत कंपनियों को अब केवल वॉइस कॉलिंग और एसएमएस की सुविधा वाले 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी के किफायती रिचार्ज प्लान पेश करने होंगे। इसके साथ ही ग्राहकों को हर महीने एक निश्चित तारीख पर रिचार्ज रिन्यू करने का विकल्प और 30 दिन से अधिक अवधि वाला केवल कॉलिंग और एसएमएस प्लान भी उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
ट्राई के इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा बुजुर्गों, फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं, कम आय वाले परिवारों और सेकंडरी सिम रखने वाले लोगों को मिलेगा, जिन्हें बेवजह इंटरनेट डेटा के पैसे नहीं देने पड़ेंगे। हालांकि, इससे पुराने महंगे डेटा प्लान बंद नहीं होंगे, बल्कि केवल कॉलिंग इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को कम कीमत पर अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुनने का नया विकल्प मिल जाएगा।