Katni Kisna Jewellery Theft Police Investigating: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरगवां इलाके में स्थित किसना डायमंड एंड ज्वेलरी शोरूम में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहाँ अज्ञात चोरों ने लगभग 12 करोड़ रुपये के सोने और डायमंड के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने शातिराना अंदाज में शोरूम के पीछे की दीवार में 9 इंच का छेद किया और अंदर घुसे, जो कि कब्रिस्तान और खदान के रास्ते से जुड़ा हुआ है। सुबह जब शोरूम मालिक और स्टाफ पहुँचे, तो उन्हें चोरी की इस बड़ी घटना का पता चला।
शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई है कि दुकान में रखा अधिकांश गोल्ड और डायमंड का स्टॉक चोरी हो गया है, जबकि कुछ औजार जैसे हथौड़ी और पेचकश मौके पर ही छूट गए थे। पुलिस, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।